दिल्ली में संभावित आतंकी हमले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां फिर सतर्क हो गई हैं. खुफिया जानकारी के आधार पर राजधानी में हाई अलर्ट जारी किया गया है. बताया जा रहा है कि आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) दिल्ली में बड़ी साजिश रच सकता है और खास तौर पर लाल किले के आसपास के इलाके को निशाना बना सकता है.
सूत्रों के मुताबिक, आतंकियों की नजर चांदनी चौक स्थित एक प्रमुख मंदिर पर है. यह इलाका हमेशा भीड़भाड़ वाला रहता है और यहां रोज बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं. इसी वजह से सुरक्षा एजेंसियां इस इनपुट को गंभीरता से ले रही हैं. जानकारी मिली है कि IED यानी इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस के जरिए हमला करने की योजना बनाई जा सकती है.
पाकिस्तान में धमाके के बाद बढ़ी आशंका
बताया जा रहा है कि 6 फरवरी को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद की एक मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद लश्कर-ए-तैयबा भारत में बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने की फिराक में है. खुफिया एजेंसियों को आशंका है कि संगठन किसी बड़े धार्मिक स्थल या ऐतिहासिक स्थान को निशाना बना सकता है ताकि ज्यादा नुकसान और दहशत फैल सके.
सुरक्षा बढ़ाई गई, निगरानी तेज
इनपुट मिलते ही दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है. भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ा दी गई है और संदिग्ध लोगों व गतिविधियों पर खास नजर रखी जा रही है.
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि फिलहाल यह इनपुट खुफिया जानकारी पर आधारित है, लेकिन किसी भी तरह के खतरे को हल्के में नहीं लिया जा सकता. इसलिए एहतियात के तौर पर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
पहले भी हो चुका है हमला
दिल्ली में इससे पहले भी बड़ा धमाका हो चुका है. 10 नवंबर 2025 को शाम के समय लाल किले के पास एक कार में ब्लास्ट हुआ था. कार करीब तीन घंटे तक पार्किंग में खड़ी रही थी, जिसके बाद उसमें जोरदार विस्फोट हुआ. इस धमाके में कई लोगों की जान गई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे. आसपास खड़ी कई गाड़ियां भी जलकर खाक हो गई थीं. उस घटना के बाद से ही लाल किला और उसके आसपास का इलाका संवेदनशील माना जाता है.
वर्तमान इनपुट को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं. धार्मिक स्थलों, बाजारों और ऐतिहासिक जगहों पर गश्त बढ़ा दी गई है. लोगों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.
ये भी पढ़ें- US सुप्रीम कोर्ट से ट्रंप को झटका, भारत के लिए खुलेगा नया रास्ता! 18 की जगह 4% हो सकता है टैरिफ