IPhone Tips And Tricks: आज के समय में स्मार्टफोन हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन गया है. सोशल मीडिया, वीडियो देखना, गेम खेलना और ऑफिस के काम की वजह से फोन का इस्तेमाल पहले से काफी बढ़ गया है. ऐसे में बैटरी जल्दी खत्म होना आम बात है.
लेकिन कई बार हमारी कुछ गलत चार्जिंग आदतें बैटरी की लाइफ कम कर देती हैं. अगर आप iPhone इस्तेमाल करते हैं, तो चार्जिंग के समय इन बातों का ध्यान रखना आपके फोन की बैटरी को लंबे समय तक बेहतर बनाए रख सकता है.
हर बार 100% चार्ज करना जरूरी नहीं
कई लोग फोन को हर बार 100% तक चार्ज करते हैं और उसके बाद भी चार्जर से जुड़े रहने देते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि रोजाना इस्तेमाल के लिए बैटरी को करीब 20% से 80% के बीच रखना बेहतर माना जाता है. इससे बैटरी पर कम दबाव पड़ता है और उसकी हेल्थ लंबे समय तक अच्छी बनी रहती है.
पूरी रात चार्जिंग पर न छोड़ें
रात में सोते समय फोन चार्ज पर लगाकर छोड़ देना बहुत आम आदत है. हालांकि iPhone में बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम होता है, लेकिन रोजाना कई घंटों तक चार्जर से जुड़े रहने से लंबे समय में बैटरी की क्षमता प्रभावित हो सकती है. इसलिए चार्ज पूरा होने के बाद फोन को चार्जर से हटा देना बेहतर होता है.
हमेशा अच्छी क्वालिटी का चार्जर इस्तेमाल करें
फोन चार्ज करने के लिए हमेशा ओरिजिनल या सर्टिफाइड चार्जर और केबल का ही इस्तेमाल करें. सस्ते या लोकल चार्जर सही वोल्टेज नहीं दे पाते, जिससे बैटरी की परफॉर्मेंस खराब हो सकती है. इसके अलावा ऐसे चार्जर सुरक्षा के लिहाज से भी जोखिम बढ़ा सकते हैं.
गर्म जगह पर फोन चार्ज करने से बचें
चार्जिंग के दौरान फोन का थोड़ा गर्म होना सामान्य है, लेकिन अगर फोन पहले से ही गर्म जगह पर रखा हो तो बैटरी को नुकसान हो सकता है. तेज धूप, बंद कार या बहुत गर्म कमरे में फोन चार्ज करने से बचें. कोशिश करें कि फोन को ठंडी और हवादार जगह पर चार्ज करें. अगर चार्जिंग के दौरान फोन ज्यादा गर्म हो जाए, तो उसका इस्तेमाल कुछ समय के लिए बंद कर दें और उसे ठंडा होने दें.
सही चार्जिंग आदतें बढ़ाएंगी बैटरी की उम्र
अगर आप इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते हैं, तो iPhone की बैटरी हेल्थ लंबे समय तक बेहतर बनी रह सकती है. सही तरीके से चार्जिंग करने से सिर्फ बैटरी की लाइफ ही नहीं बढ़ती, बल्कि फोन की परफॉर्मेंस भी लंबे समय तक अच्छी बनी रहती है.
ये भी पढ़ें- भारत की इकोनॉमी पर नहीं होगा वैश्विक तनाव का असर! GDP ग्रोथ को लेकर आई बड़ी खुशखबरी, देखें रिपोर्ट