Android Security Update: अगर आप एंड्रॉयड स्मार्टफोन इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है. गूगल ने दिसंबर 2025 का नया सिक्योरिटी पैच जारी कर दिया है, जिसमें एंड्रॉयड सिस्टम से जुड़ी 107 गंभीर सुरक्षा खामियों को ठीक किया गया है.
इन खामियों में से कुछ इतनी संवेदनशील थीं कि साइबर अपराधी उनका फायदा उठाकर यूजर्स के फोन तक अनधिकृत पहुंच बना सकते थे और निजी डेटा चोरी कर सकते थे. यही वजह है कि गूगल ने सभी एंड्रॉयड यूजर्स को यह अपडेट जल्द से जल्द इंस्टॉल करने की सलाह दी है.
किन खतरनाक खामियों को किया गया फिक्स
एंड्रॉयड सिक्योरिटी बुलेटिन के अनुसार, इस पैच के जरिए एंड्रॉयड फ्रेमवर्क, सिस्टम और कर्नेल में पाई गई कई कमजोरियों को दूर किया गया है. इसके अलावा मीडियाटेक और क्वालकॉम जैसे बड़े चिपसेट सप्लायर्स के हार्डवेयर कंपोनेंट्स में मौजूद सिक्योरिटी इश्यूज को भी ठीक किया गया है. सबसे ज्यादा चिंता का विषय एंड्रॉयड फ्रेमवर्क में मिली दो खामियां थीं, जिन्हें CVE-2025-48572 और CVE-2025-48633 के नाम से पहचाना गया है.
इन कमजोरियों का इस्तेमाल कर स्कैमर्स यूजर्स के प्राइवेट डेटा तक पहुंच बना सकते थे. चूंकि एंड्रॉयड फ्रेमवर्क फोन के लगभग सभी जरूरी फंक्शंस को कंट्रोल करता है, इसलिए इसमें मौजूद किसी भी खामी का असर पूरे डिवाइस की सुरक्षा पर पड़ता है. अगर हैकर्स फ्रेमवर्क लेवल पर सेंध लगा लेते हैं, तो यूजर के लिए इसका पता लगाना भी काफी मुश्किल हो सकता है.
किन डिवाइसेस के लिए उपलब्ध है अपडेट
गूगल ने यह सिक्योरिटी पैच पिछले महीने से रोलआउट करना शुरू कर दिया था. यह अपडेट एंड्रॉयड 13, एंड्रॉयड 14, एंड्रॉयड 15 और एंड्रॉयड 16 पर चलने वाले स्मार्टफोन्स के लिए उपलब्ध है. यूजर्स अपने फोन की सेटिंग्स में जाकर “सिक्योरिटी अपडेट” या “सॉफ्टवेयर अपडेट” सेक्शन में इसे चेक कर सकते हैं और डाउनलोड कर सकते हैं.
क्यों जरूरी है समय पर अपडेट करना
स्मार्टफोन को नियमित रूप से अपडेट रखना आज के डिजिटल दौर में बेहद जरूरी हो गया है. सिक्योरिटी अपडेट न सिर्फ पुराने बग्स और कमजोरियों को दूर करते हैं, बल्कि डिवाइस को नए साइबर खतरों से भी सुरक्षित रखते हैं. अगर कोई यूजर लंबे समय तक अपने फोन को अपडेट नहीं करता, तो हैकर्स के लिए उस डिवाइस को निशाना बनाना आसान हो जाता है और निजी जानकारी जैसे फोटो, मैसेज, बैंकिंग डिटेल्स और पासवर्ड खतरे में पड़ सकते हैं.
इसलिए अगर आपके फोन में दिसंबर 2025 का एंड्रॉयड सिक्योरिटी पैच अभी तक इंस्टॉल नहीं हुआ है, तो बिना देर किए इसे अपडेट करें और अपने डेटा को सुरक्षित रखें.
ये भी पढ़ें- अब इस देश में बैन होने वाला है सोशल मीडिया, 15 साल से कम उम्र के बच्चे नहीं कर पाएंगे इस्तेमाल