AI या कुछ और... Meta में जानें वाली है 16000 कर्मचारियों की नौकरी, कारण जान रह जाएंगे हैरान!

Meta Layoffs 2026: आईटी सेक्टर में काम करने वालों के लिए यह साल काफी मुश्किल साबित हो रहा है. बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां लगातार कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं. अब मेटा (पहले फेसबुक) भी बड़े स्तर पर लोगों को नौकरी से निकालने की तैयारी में है.

Tech AI or something else 16000 employees are going to lose their jobs in Meta layoffs
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Meta Layoffs 2026: आईटी सेक्टर में काम करने वालों के लिए यह साल काफी मुश्किल साबित हो रहा है. बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां लगातार कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं. अब मेटा (पहले फेसबुक) भी बड़े स्तर पर लोगों को नौकरी से निकालने की तैयारी में है. खबर है कि आने वाले महीनों में कंपनी करीब 16,000 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है. यह सिर्फ एक कंपनी की बात नहीं है, बल्कि पूरी टेक इंडस्ट्री इस समय बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है.

मेटा में बड़ी छंटनी की तैयारी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेटा अपनी अब तक की सबसे बड़ी रिस्ट्रक्चरिंग शुरू करने जा रही है. इसका पहला चरण 20 मई से शुरू हो सकता है, जिसमें करीब 8,000 कर्मचारियों पर असर पड़ेगा. पिछले साल के आखिर तक कंपनी में करीब 79,000 लोग काम कर रहे थे.

अब सवाल है कि इतनी बड़ी छंटनी क्यों हो रही है? इसकी बड़ी वजह है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI). कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग AI, जनरेटिव टूल्स और मशीन लर्निंग पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं. कंपनी अपने कई काम ऑटोमेटेड करना चाहती है, जिससे इंसानों की जरूरत कम हो रही है. माना जा रहा है कि साल के दूसरे हिस्से में भी छंटनी जारी रह सकती है.

दूसरी कंपनियों में भी असर

यह संकट सिर्फ टेक कंपनियों तक सीमित नहीं है. बड़ी एंटरटेनमेंट कंपनी डिज्नी ने भी करीब 1,000 कर्मचारियों को निकालने का फैसला किया है. कंपनी के अधिकारी जोश डी’अमारो ने इसकी जानकारी दी. इस छंटनी का सबसे ज्यादा असर मार्वल स्टूडियोज पर पड़ा है, जहां करीब 8% कर्मचारियों की नौकरी गई है.

ओरेकल का सख्त नियम

वहीं ओरेकल ने भी बड़ी संख्या में कर्मचारियों को निकाला है. कंपनी ने दुनियाभर में करीब 30,000 लोगों की छंटनी की है, जिसमें भारत के करीब 12,000 कर्मचारी शामिल बताए जा रहे हैं.

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ओरेकल ने निकाले गए कर्मचारियों के लिए सख्त शर्त रखी है. कंपनी ने कहा है कि जब तक कर्मचारी DocuSign पर दिए गए दस्तावेजों पर साइन नहीं करेंगे, उन्हें कोई मुआवजा नहीं मिलेगा. यानी बिना साइन किए पैसे नहीं मिलेंगे.

कितने लोगों की गई नौकरी?

टेक सेक्टर में छंटनी पर नजर रखने वाली वेबसाइट Layoffs.fyi के मुताबिक, इस साल अब तक 73,000 से ज्यादा लोग अपनी नौकरी खो चुके हैं. कुल मिलाकर, टेक इंडस्ट्री इस समय बड़े बदलाव से गुजर रही है, जहां AI और नई तकनीक की वजह से कंपनियां अपने काम करने का तरीका बदल रही हैं. इसका सीधा असर नौकरियों पर पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें- होर्मुज में फिर बढ़ा तनाव! जहाजों पर गोलीबारी के बाद ईरान अलर्ट, अब हर एंट्री पर लेनी होगी मंजूरी