'बात सिर्फ PoK पर होगी...' राजनाथ सिंह की चेतावनी से बौखलाया पाकिस्तान, किया भारत पर दबाव बनाने की अपील

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को लेकर दिए गए बयान के बाद पाकिस्तान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. शहबाज शरीफ सरकार ने उनके बयान की आलोचना करते हुए कहा कि यह क्षेत्रीय शांति के लिए ठीक नहीं है.

Talks will only be about PoK Pakistan rattled by Rajnath Singh warning Khawaja Asif
Image Source: Social Media

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को लेकर दिए गए बयान के बाद पाकिस्तान ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. शहबाज शरीफ सरकार ने उनके बयान की आलोचना करते हुए कहा कि यह क्षेत्रीय शांति के लिए ठीक नहीं है. पाकिस्तान ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी भारत पर दबाव बनाने की अपील की है.

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर अंद्राबी ने कहा कि राजनाथ सिंह का बयान उकसाने वाला और गैर-जिम्मेदाराना है. उनके अनुसार, भारत जम्मू-कश्मीर से जुड़े मुद्दे को गलत तरीके से पेश कर रहा है. पाकिस्तान का कहना है कि इस तरह के बयान क्षेत्र में तनाव बढ़ा सकते हैं, इसलिए दुनिया को इस पर ध्यान देना चाहिए.

ख्वाजा आसिफ ने भी जताई आपत्ति

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मोहम्मद आसिफ ने भी राजनाथ सिंह के बयान पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि ऐसे बयान से किसी भी तरह की बातचीत या शांति प्रक्रिया को मदद नहीं मिलेगी. उन्होंने दोहराया कि पाकिस्तान का रुख पहले जैसा ही है और वह जम्मू-कश्मीर को एक विवादित क्षेत्र मानता है.

राजनाथ सिंह ने क्या कहा था?

रविवार को एक कार्यक्रम में राजनाथ सिंह ने कहा कि अगर कश्मीर के मुद्दे पर कभी बातचीत होगी तो वह केवल पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को लेकर होगी. उन्होंने यह भी कहा कि भारत की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सशस्त्र बलों को पूरी आजादी दी गई है और देश किसी भी खतरे का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है.

बयान के बाद बढ़ी सियासी हलचल

राजनाथ सिंह के इस बयान के बाद पाकिस्तान की सरकार और वहां के नेताओं ने लगातार प्रतिक्रिया दी है. पाकिस्तान ने इसे गंभीर मामला बताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से दखल देने की मांग की है. वहीं भारत की ओर से इस मामले पर फिलहाल कोई नई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

ये भी पढ़ें- अगले 2-3 दिन देशभर में भारी बारिश का अलर्ट, कई राज्यों में बाढ़ का खतरा, असम में 66 की मौत, क्या बोला IMD?