IMD Alert: देश के कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. कई जगह बाढ़ और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित हुआ है. हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटना सामने आई है, जबकि असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 68 तक पहुंच गई है. गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली में भी भारी बारिश के कारण हालात खराब हैं. राहत और बचाव के लिए सेना को भी मैदान में उतरना पड़ा है. मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो से तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी दी है.
असम में बाढ़ के हालात पर पीएम मोदी ने ली जानकारी
असम में बाढ़ का असर अभी भी बना हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से फोन पर बात कर राज्य के हालात की जानकारी ली. सोनोवाल इस समय बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं.
हिमाचल में बादल फटने से गांवों का संपर्क टूटा
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की मयाड़ घाटी में शनिवार रात बादल फटने से अचानक नाले में तेज पानी आ गया. पानी के तेज बहाव में एक पुल और सड़क बह गई. इसके कारण मयाड़ घाटी के सात गांवों का बाकी इलाकों से संपर्क टूट गया है.
गुजरात में सेना चला रही राहत अभियान
गुजरात में लगातार हो रही बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं. हालात को देखते हुए सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन मिलकर राहत और बचाव अभियान चला रहे हैं. अब तक 790 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. राज्य में बारिश से 35 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें सबसे ज्यादा मौतें वलसाड और नवसारी जिलों में हुई हैं.
ओडिशा में रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब डिप्रेशन में बदल गया है. इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होकर उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट से टकराने की संभावना है. इसी वजह से 29 जुलाई तक ओडिशा के सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों में बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है.
अगले कुछ दिन और होगी तेज बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. लोगों को जरूरत होने पर ही घर से बाहर निकलने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है.
ये भी पढ़ें- CWG 2026: मीराबाई के बाद राजा मुतुपंडि का धमाका, कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की झोली में आया एक और सिल्वर