जिन हथियारों से कांपता है दुश्मन! मन की बात में पीएम मोदी ने किया उसका जिक्र, जानें क्या कहा

PM Modi Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने कहा कि आईएनएस महेंद्रगिरी पूरी तरह भारत में डिजाइन और तैयार किया गया आधुनिक युद्धपोत है. इसमें 75 फीसदी से ज्यादा स्वदेशी उपकरण और सामग्री का इस्तेमाल किया गया है.

PM Modi speaks on Mann Ki Baat INS Mahendragiri Pinaka Kusha missiles India strength
Image Source: Social Media

PM Modi Mann Ki Baat: पीएम मोदी ने कहा कि आईएनएस महेंद्रगिरी पूरी तरह भारत में डिजाइन और तैयार किया गया आधुनिक युद्धपोत है. इसमें 75 फीसदी से ज्यादा स्वदेशी उपकरण और सामग्री का इस्तेमाल किया गया है. उन्होंने कहा कि यह भारत की बढ़ती तकनीकी ताकत और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ा कदम है.

पिनाका रॉकेट सिस्टम की भी की तारीफ

प्रधानमंत्री ने स्वदेशी पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट (LRGR-120) का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह आधुनिक रॉकेट सिस्टम रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने तैयार किया है. इसकी मारक क्षमता 60 किलोमीटर से लेकर 120 किलोमीटर तक है. पीएम मोदी ने कहा कि इस सफलता के पीछे देश के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों की कड़ी मेहनत और लगन है.

कुशा मिसाइल को बताया बड़ी उपलब्धि

मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कुशा मिसाइल के सफल परीक्षण का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि यह भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक को और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम उपलब्धि है. इससे देश की सुरक्षा क्षमता पहले से ज्यादा मजबूत होगी.

कारगिल के वीर सैनिकों को किया नमन

प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कारगिल विजय दिवस पर 1999 के कारगिल युद्ध में देश के लिए लड़ने वाले सैनिकों और शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी. उन्होंने कहा कि 26 जुलाई हर भारतीय के लिए गर्व का दिन है. यह दिन हमारे बहादुर जवानों के साहस, बलिदान और देशभक्ति की याद दिलाता है.

हमारे जवानों ने हर मुश्किल का डटकर सामना किया

पीएम मोदी ने कहा कि कारगिल की ऊंची चोटियां, खराब मौसम और दुश्मन की चुनौतियों के बावजूद भारतीय सैनिक पीछे नहीं हटे. उन्होंने हर मुश्किल का बहादुरी से सामना किया और देश की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया. उन्होंने सभी वीर शहीदों और सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि पूरा देश उनके साहस को हमेशा याद रखेगा.

नई पीढ़ी तक पहुंच रही है वीरों की कहानी

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत सिर्फ अपने वीर सैनिकों के बलिदान को याद नहीं करता, बल्कि यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि उनकी बहादुरी की कहानियां आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचें. इससे युवाओं को देशभक्ति, साहस और सेवा की प्रेरणा मिलती रहेगी. उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी मजबूत होगा, जब देश अपनी सुरक्षा और तकनीक दोनों क्षेत्रों में लगातार आगे बढ़ता रहेगा.

ये भी पढ़ें- दिल्ली मेट्रो पर लगातार चौथे दिन ब्रेक, आज 18 स्टेशन रहेंगे बंद, घर से निकलने से पहले पढ़ लें अपडेट