डूरंड लाइन पार कर पाकिस्तान में घुसी तालिबान सेना, 8 मिलिट्री पोस्ट पर किया कब्जा, रात भर चली जंग

पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच डूरंड लाइन पर तनाव एक बार फिर हिंसक झड़पों में बदल गया है.

Taliban army crossed Durand Line and entered Pakistan military post
Image Source: Social Media

काबुल/इस्लामाबाद: पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच डूरंड लाइन पर तनाव एक बार फिर हिंसक झड़पों में बदल गया है. सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात दोनों देशों की सेनाओं के बीच भारी गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई हुई. 

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने दावा किया है कि उसकी सेना ने सीमा पार कर पाकिस्तान की कई सैन्य चौकियों पर कब्जा कर लिया है.

8 पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जे का दावा

तालिबान के रक्षा मंत्रालय के डिप्टी प्रवक्ता सेदिकुल्लाह नुसरत के मुताबिक, अफगान बलों ने कंधार, खोस्त और जाबुल प्रांतों से सटे इलाकों में कार्रवाई करते हुए कुल 8 पाकिस्तानी सैन्य पोस्ट पर नियंत्रण स्थापित किया है.

बताया गया है कि कंधार में पांच, खोस्त में दो और जाबुल में एक पोस्ट पर कब्जा किया गया. हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.

स्पिन बोल्डक में भीषण मुठभेड़, 3 सैनिकों की मौत

सूत्रों के अनुसार, कंधार के स्पिन बोल्डक इलाके में अफगान सैनिकों ने सीमा पार कर कम से कम तीन पाकिस्तानी चौकियों पर कब्जा किया. इस दौरान हुई झड़प में तीन पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने और एक को जिंदा पकड़ने का दावा किया गया है.

वहीं, सीमा के कई हिस्सों में अभी भी रुक-रुक कर फायरिंग जारी है.

ड्रोन गिराने का दावा

अफगान सैन्य अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पाकिस्तान के कई ड्रोन मार गिराए हैं.

  • जाबुल के शामुलजई जिले में एक ड्रोन को निशाना बनाया गया
  • कंधार में भी एक और ड्रोन गिराया गया
  • कुल मिलाकर सोमवार को 4 ड्रोन नष्ट करने का दावा

पाकिस्तान के सैन्य ठिकानों पर एयर स्ट्राइक

इससे पहले तालिबान के रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान के अंदर कई सैन्य ठिकानों पर एयर स्ट्राइक करने की बात कही थी. यह कार्रवाई कथित तौर पर पाकिस्तान द्वारा अफगान क्षेत्रों में किए गए हवाई हमलों के जवाब में की गई.

अफगान पक्ष के अनुसार, रावलपिंडी, क्वेटा (बलूचिस्तान), खैबर पख्तूनख्वा सहित कई इलाकों में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया.

टैंक तबाह, जमीनी कार्रवाई तेज

पक्तिका प्रांत के अंगूर अडा क्षेत्र में अफगान बलों ने पाकिस्तान के एक आर्मर्ड टैंक को नष्ट करने का दावा किया है. इसके साथ ही इस इलाके में जमीनी स्तर पर भी संघर्ष तेज हो गया, जहां दोनों पक्षों के बीच सीधी भिड़ंत हुई.

भारी नुकसान का दावा, पुष्टि नहीं

तालिबान का कहना है कि जवाबी कार्रवाई शुरू होने के बाद से:

  • 100 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए
  • 30 से अधिक चौकियों पर कब्जा किया गया

हालांकि, इन आंकड़ों की अभी तक किसी स्वतंत्र या आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है. सीमा पर हालात बेहद संवेदनशील बने हुए हैं और कई इलाकों में तनाव जारी है.

ये भी पढ़ें- भारत के पास 21 दिन का पेट्रोल-डीजल, 18 दिन का क्रूड और 12 दिन की गैस... ईरान जंग का क्या होगा असर?