Middle East Unrest: मिडिल ईस्ट में जारी अमेरिका-इजराइल-ईरान तनाव के बीच फंसे भारतीयों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. सोमवार रात दो विशेष उड़ानों के जरिए 600 से अधिक भारतीयों और कुछ अन्य देशों के नागरिकों को सुरक्षित भारत लाया गया. ये दोनों फ्लाइट दुबई और अबू धाबी से उड़ान भरकर दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरीं, जिससे लंबे समय से फंसे लोगों को बड़ी राहत मिली.
पहली फ्लाइट में 310 यात्री पहुंचे भारत
खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों को निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं. इसी क्रम में सोमवार देर शाम नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू ने मंत्रालय के अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की. बैठक में यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि मिडिल ईस्ट में फंसे हर भारतीय को सुरक्षित वापस लाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं.
बैठक के कुछ ही घंटों बाद तीन दिनों के अंतराल के बाद पहली फ्लाइट दिल्ली पहुंची. यह उड़ान एतिहाद एयरवेज की थी, जिसमें कुल 310 यात्री सवार थे. इनमें अधिकतर भारतीय नागरिक थे, जो मौजूदा हालात के कारण वहां फंसे हुए थे.
दूसरी फ्लाइट रात 325 यात्रियों के साथ उतरी
पहली फ्लाइट के बाद देर रात एक और बड़ी राहत मिली. मंगलवार तड़के करीब 2:40 बजे एमिरेट्स एयरलाइन की फ्लाइट 325 यात्रियों को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई. इस फ्लाइट में भी ज्यादातर भारतीय नागरिक थे, हालांकि कुछ विदेशी नागरिक भी शामिल थे, जो संकट के कारण वहां से निकल नहीं पा रहे थे.
दोनों फ्लाइट्स के जरिए कुल 600 से अधिक लोगों को सुरक्षित भारत लाया गया, जो मौजूदा तनावपूर्ण हालात में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है.
इंडिगो चला सकती है स्पेशल रिलीफ फ्लाइट्स
सरकार और एयरलाइंस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. नागर विमानन मंत्रालय की बैठक में यह भी चर्चा हुई कि यदि मिडिल ईस्ट के बंद एयरस्पेस में थोड़ी भी राहत मिलती है, तो इंडिगो जेद्दा से भारत के लिए 10 विशेष राहत उड़ानों का संचालन कर सकती है. इससे और अधिक भारतीयों को जल्द वापस लाने में मदद मिलेगी.
स्पाइसजेट ने भी किया विशेष उड़ानों का ऐलान
स्पाइसजेट ने भी यूएई में फंसे भारतीयों को सुरक्षित निकालने के लिए विशेष उड़ानों की घोषणा की है. एयरलाइन के अनुसार, 3 मार्च से अगले कुछ दिनों तक फुजैराह इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई और कोच्चि के लिए फ्लाइट्स चलाई जाएंगी. यह कदम उन यात्रियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो अभी भी वापसी का इंतजार कर रहे हैं.
एयर इंडिया भी जल्द ही शुरू करेगी उड़ानें
एयर इंडिया ने भी स्पष्ट किया है कि जैसे ही हालात सामान्य होते हैं और उड़ान संचालन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनती हैं, वह भी मिडिल ईस्ट से भारत के लिए अपनी सेवाएं फिर से शुरू कर देगी. फिलहाल एयरलाइन अपनी लंबी दूरी की उड़ानों को वैकल्पिक एयरस्पेस के जरिए संचालित कर रही है, जिनमें अमेरिका, कनाडा, यूके और यूरोप के रूट शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- Chandra Grahan: आज फाल्गुन पूर्णिमा पर लगेगा चंद्र ग्रहण, आपके शहर में कब दिखेगा ब्लड मून? जानें सबकुछ