IND vs PAK: 10 सेकेंड के विज्ञापन के लिए ₹40 लाख... भारत-पाकिस्तान मैच में Ad स्लॉट के लिए मारा-मारी!

15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच को लेकर कंपनियों में जबरदस्त उत्साह है.

T20 World Cup Companies compete for ad slots in India-Pakistan match
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

IND vs PAK: 15 फरवरी को कोलंबो में होने वाले भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच को लेकर कंपनियों में जबरदस्त उत्साह है. इस बड़े मुकाबले की वजह से टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विज्ञापनों की मांग अचानक बहुत बढ़ गई है.

जानकारी के मुताबिक, इस मैच के दौरान टीवी पर 10 सेकेंड के विज्ञापन के लिए 30 से 40 लाख रुपये तक वसूले जा रहे हैं. आम तौर पर बड़े मैचों में यही रेट 20 से 25 लाख रुपये के आसपास रहता है. इस पूरे टूर्नामेंट से ब्रॉडकास्टर जियोस्टार को विज्ञापन के जरिए करीब 2000 करोड़ रुपये की कमाई होने की उम्मीद है.

आखिरी समय में और महंगे हुए एड स्लॉट

स्पोर्ट्स एनालिस्ट नीरज झा के मुताबिक, मैच से ठीक पहले बचे हुए विज्ञापन स्लॉट की कीमतों में 20 से 25 फीसदी तक की बढ़ोतरी हो चुकी है. हर सेकंड का स्लॉट बिकने की स्थिति में है.

डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर भी 10 सेकेंड के विज्ञापन के लिए 15 से 20 लाख रुपये तक चार्ज किया जा रहा है. कंपनियां चाहती हैं कि उनका ब्रांड इस बड़े मैच के दौरान जरूर दिखे.

बड़ी कंपनियों की खास दिलचस्पी

मार्केटिंग फर्म Komerz के डायरेक्टर कुशल सांघवी का कहना है कि भारत-पाकिस्तान मुकाबला साल के सबसे ज्यादा देखे जाने वाले इवेंट्स में से एक होता है. यही वजह है कि ऑटो, एफएमसीजी, फाइनेंशियल सर्विसेज और रियल एस्टेट सेक्टर की कंपनियां भारी रकम खर्च करने को तैयार हैं.

मैच देखने श्रीलंका जा रहे फैंस

भारत-पाकिस्तान मैच को स्टेडियम में देखने के लिए बड़ी संख्या में भारतीय फैंस श्रीलंका जा रहे हैं. इसका सीधा असर फ्लाइट टिकट और होटलों की कीमतों पर पड़ा है.

ट्रैवल कंपनी EaseMyTrip के मुताबिक, भारत से कोलंबो जाने वाली फ्लाइट्स का किराया 45 से 50 फीसदी तक बढ़ गया है. वहीं MakeMyTrip का कहना है कि कोलंबो के लिए बुकिंग सामान्य दिनों की तुलना में लगभग दोगुनी हो चुकी है.

होटल भी हुए महंगे

Cleartrip के अनुसार, मैच के आसपास के दिनों में कोलंबो के लिए ट्रैवल बुकिंग में करीब 65 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. स्टेडियम के पास मौजूद चार और पांच सितारा होटलों की मांग सबसे ज्यादा है. प्रीमियम होटलों के कमरे आम दिनों से 20 से 25 फीसदी ज्यादा कीमत पर मिल रहे हैं.

भारत-पाकिस्तान मुकाबले का असर सिर्फ क्रिकेट फैंस तक सीमित नहीं है. विज्ञापन बाजार, फ्लाइट बुकिंग और होटल इंडस्ट्री हर जगह इस मैच की वजह से रौनक बढ़ गई है. यह मुकाबला मैदान के साथ-साथ बिजनेस के लिहाज से भी बड़ी कमाई का मौका बन चुका है.

ये भी पढ़ें- IND vs PAK: कोलंबो में बारिश का खतरा, भारत-पाकिस्तान मैच रद्द हुआ तो किसे होगा फायदा?