T20 World Cup: टी-20 विश्व कप 2026 में अब सुपर-8 चरण की 8 टीमें तय हो चुकी हैं. 20 टीमों के बीच खेले गए 36 ग्रुप मुकाबलों के बाद अगला दौर शुरू होने जा रहा है. ग्रुप-ए से भारत और पाकिस्तान ने क्वालिफाई किया है. अब सभी की नजर सुपर-8 के मुकाबलों पर है.
सुपर-8 चरण में 4-4 टीमों के दो ग्रुप बनाए गए हैं. हर टीम अपने ग्रुप की बाकी तीन टीमों से एक-एक मैच खेलेगी. यानी एक ग्रुप में 6 मुकाबले और दोनों ग्रुप मिलाकर कुल 12 मैच होंगे.
इस चरण में 22 फरवरी, 26 फरवरी और 1 मार्च को दो-दो मैच (डबल हेडर) खेले जाएंगे. बाकी दिनों में एक-एक मुकाबला होगा. दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी.
सेमीफाइनल और फाइनल
पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को होगा. दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. फाइनल मुकाबला 8 मार्च को होगा. अगर पाकिस्तान नॉकआउट में पहुंचता है, तो उसके सभी मैच कोलंबो में खेले जाएंगे.
सुपर-8 की शुरुआत
सुपर-8 चरण की शुरुआत 21 फरवरी से होगी. पहला मैच न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा. ग्रुप-2 में न्यूजीलैंड के साथ इंग्लैंड और श्रीलंका भी शामिल हैं.
भारत के मुकाबले
भारत अपना पहला सुपर-8 मैच 22 फरवरी को अहमदाबाद में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा. दूसरा मैच 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे से होगा.
तीसरा और आखिरी सुपर-8 मैच 1 मार्च को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला जाएगा.
ग्रुप स्टेज से बाहर हुईं टीमें
टूर्नामेंट में 20 टीमों को 5-5 के चार ग्रुप में बांटा गया था.
ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, ओमान, स्कॉटलैंड, इटली, नेपाल, अफगानिस्तान, यूएई, नामीबिया, अमेरिका, नीदरलैंड और कनाडा ग्रुप चरण से बाहर हो गईं.
ये भी पढ़ें- 'पुरुषों में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं, मुझे महिलाएं पसंद', बोर्ड ऑफ पीस में किसे देखकर ऐसा बोले ट्रंप?