IRCTC: अगर आप ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करते हैं, तो अब आपको एक नया नियम ध्यान में रखना होगा. भारतीय रेलवे की कंपनी आईआरसीटीसी ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग के लिए आधार वेरिफिकेशन को अनिवार्य कर दिया है. यानी टिकट बुक करने से पहले यूजर को अपने अकाउंट को आधार से सत्यापित करना होगा.
क्यों लिया गया यह फैसला?
आईआरसीटीसी का कहना है कि यह कदम फर्जी बुकिंग और दलालों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है. कई बार देखा गया कि कुछ लोग फर्जी अकाउंट बनाकर टिकट बुक करते थे, जिससे असली यात्रियों को परेशानी होती थी.
रेल मंत्रालय के तहत काम करने वाली आईआरसीटीसी का मानना है कि आधार वेरिफिकेशन से टिकटों का सही तरीके से आवंटन होगा और पारदर्शिता बढ़ेगी.
क्या बदला है?
एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) खुलने वाले दिन अब सिर्फ वही यूजर टिकट बुक कर पाएंगे, जिनका आधार वेरिफिकेशन पूरा है.
जिन लोगों ने अपने आईआरसीटीसी अकाउंट को आधार से लिंक नहीं किया है, वे बुकिंग खुलने के पहले दिन टिकट नहीं ले पाएंगे.
Tatkal टिकट बुकिंग के लिए आधार वेरिफिकेशन पहले से ही जरूरी किया जा चुका है.
आधार वेरिफिकेशन से क्या फायदा?
आईआरसीटीसी के अनुसार, आधार आधारित सत्यापन से फर्जी अकाउंट बनाने पर रोक लगी है. इससे असली यात्रियों को Tatkal और एडवांस बुकिंग के समय टिकट मिलने की संभावना बढ़ी है.
कंपनी का कहना है कि यह सिस्टम गलत बुकिंग को कम करने में मदद कर रहा है और टिकट उपलब्धता में सुधार हुआ है.
Tatkal बुकिंग में पहले से लागू
ऑनलाइन Tatkal टिकट बुकिंग के लिए आधार आधारित वन-टाइम पासवर्ड (OTP) सिस्टम पहले ही शुरू किया जा चुका है. 4 दिसंबर 2025 तक यह व्यवस्था 322 ट्रेनों में लागू हो गई थी.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 10 दिसंबर 2025 को लोकसभा में बताया था कि इस कदम के बाद संबंधित ट्रेनों में कन्फर्म Tatkal टिकट मिलने की संभावना लगभग 65 प्रतिशत तक बढ़ी है.
ये भी पढ़ें- T20 World Cup: 12 मैच, 3 डबल हेडर, 12 टीमें बाहर... देखें सुपर-8 के मुकाबलों का पूरा शेड्यूल