'पुरुषों में मेरी कोई दिलचस्पी नहीं, मुझे महिलाएं पसंद', बोर्ड ऑफ पीस में किसे देखकर ऐसा बोले ट्रंप?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन में आयोजित “बोर्ड ऑफ पीस” कार्यक्रम की अध्यक्षता की. इस दौरान उन्होंने गाजा के पुनर्निर्माण के लिए 10 अरब डॉलर देने की घोषणा की.

I have no interest in men I like womenTrump in the Board of Peace
Image Source: Social Media

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वॉशिंगटन में आयोजित “बोर्ड ऑफ पीस” कार्यक्रम की अध्यक्षता की. इस दौरान उन्होंने गाजा के पुनर्निर्माण के लिए 10 अरब डॉलर देने की घोषणा की. उनका कहना था कि इस पहल का मकसद क्षेत्र में स्थिरता लाना और शांति को बढ़ावा देना है.

व्हाइट हाउस के मुताबिक, अमेरिका के अलावा कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात ने भी कम से कम 1-1 अरब डॉलर देने का वादा किया है. प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने बताया कि अब तक 6.5 अरब डॉलर से ज्यादा की प्रतिबद्धताएं सामने आ चुकी हैं. हालांकि यह साफ नहीं किया गया कि इसमें अमेरिका की पूरी 10 अरब डॉलर की राशि शामिल है या नहीं.

कार्यक्रम में ट्रंप की टिप्पणी

कार्यक्रम के दौरान ट्रंप ने पराग्वे के राष्ट्रपति सैंटियागो पेना का स्वागत किया. मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा कि युवा और आकर्षक होना अच्छी बात है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सबको पसंद ही किया जाए. उन्होंने हंसते हुए कहा कि उन्हें पुरुषों में दिलचस्पी नहीं है और उन्हें महिलाएं पसंद हैं. इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद लोग हंसने लगे.

47 वर्षीय सैंटियागो पेना पराग्वे के लोकतांत्रिक दौर के सबसे युवा राष्ट्रपति हैं. वे पहले अर्थशास्त्री और वित्त मंत्री रह चुके हैं और अगस्त 2023 में कोलोराडो पार्टी के उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रपति बने.

नया वैश्विक निकाय

“बोर्ड ऑफ पीस” की शुरुआत पूर्व यूनाइटेड स्टेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ पीस के मुख्यालय में की गई है, जिसे ट्रंप प्रशासन ने नया रूप दिया है. इस नए निकाय में राष्ट्रपति को वीटो की शक्ति दी जाएगी और पद छोड़ने के बाद भी वे इसके प्रमुख बने रह सकते हैं.

इस संस्था का स्थायी सदस्य बनने के लिए किसी भी देश को कम से कम 1 अरब डॉलर का योगदान देना होगा और दो साल से अधिक समय तक जुड़ने की इच्छा जतानी होगी.

यह पहल मिस्र और कतर की मध्यस्थता से हुए युद्धविराम समझौते के बाद सामने आई है, जो इजरायल और हमास के बीच लंबे संघर्ष के बाद तैयार हुआ था. योजना के अगले चरण में हमास के पास हथियारों की कमी लाने का प्रावधान भी शामिल है.

ये भी पढ़ें- भारत-पाकिस्तान जंग को लेकर बार-बार आंकड़े बदल रहे ट्रंप, 6, 7 के बाद अब 11 फाइटर जेट गिरने का दावा