T20 World Cup: बुमराह के बाद यह धाकड़ बल्लेबाज भी बीमार, पहले मैच में बिगड़ी तबीयत, कब होंगे फिट?

टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है और इस बार भारत इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है.

T20 World Cup 2026 Abhishek Sharma ill during India vs USA match
Image Source: ANI

T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है और इस बार भारत इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है. डिफेंडिंग चैंपियन होने के नाते टीम इंडिया से काफी उम्मीदें हैं. हालांकि, टूर्नामेंट के शुरू होते ही भारतीय टीम को खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर परेशानी झेलनी पड़ रही है. चोट और बीमारी की वजह से एक के बाद एक खिलाड़ी प्रभावित हो रहे हैं.

हर्षित राणा, वॉशिंगटन सुंदर और जसप्रीत बुमराह के बाद अब युवा ओपनर अभिषेक शर्मा भी इस सूची में शामिल हो गए हैं. अमेरिका के खिलाफ पहले मैच के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई.

मैच के बीच मैदान छोड़ना पड़ा

शनिवार 7 फरवरी को भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत की. पहले मुकाबले में टीम इंडिया का सामना अमेरिका से हुआ. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रन बनाए.

जब अमेरिका की पारी शुरू हुई, तो अभिषेक शर्मा मैदान पर फील्डिंग कर रहे थे. लेकिन कुछ देर बाद वह अचानक मैदान से बाहर चले गए. वह न तो फील्ड पर नजर आए और न ही डगआउट में बाकी खिलाड़ियों के साथ दिखे. उस समय किसी को समझ नहीं आया कि आखिर ऐसा क्यों हुआ, क्योंकि मैच के दौरान उन्हें कोई चोट लगती नहीं दिखी थी.

कप्तान सूर्यकुमार यादव ने दी जानकारी

मैच खत्म होने के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने प्रेजेंटेशन के दौरान बताया कि अभिषेक शर्मा बीमार पड़ गए थे. उन्होंने कहा कि जसप्रीत बुमराह को मैच से पहले तेज बुखार था और अभिषेक की तबीयत भी ठीक नहीं थी, इसी वजह से वह फील्डिंग नहीं कर पाए.

पेट दर्द के कारण बाहर गए अभिषेक

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बाद में बताया कि अभिषेक शर्मा को अचानक पेट में तेज दर्द होने लगा था. इसी कारण उन्हें बीच मैच में ही मैदान छोड़ना पड़ा. टीम मैनेजमेंट ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें दोबारा फील्डिंग के लिए नहीं उतारा. उनकी जगह सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर संजू सैमसन को मैदान पर भेजा गया.

मोहम्मद सिराज ने राहत भरी खबर देते हुए बताया कि अभिषेक शर्मा अगले मैच तक फिट हो जाएंगे. टीम को उम्मीद है कि वह अगले मुकाबले में पूरी तरह तैयार रहेंगे और अच्छा प्रदर्शन करेंगे.

ये भी पढें- नहीं टलेगी शाहिद कपूर की 'ओ रोमियो', तय तारीख पर रिलीज होगी फिल्म, हुसैन उस्तरा की बेटी की याचिका खारिज