O Romeo: शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की आने वाली फिल्म ‘ओ रोमियो’ की रिलीज पर अब कोई रोक नहीं लगेगी. बॉम्बे सिटी सिविल कोर्ट ने गैंगस्टर हुसैन शेख उर्फ हुसैन उस्तरा की बेटी की याचिका को खारिज कर दिया है. उन्होंने कोर्ट से फिल्म की रिलीज रोकने की मांग की थी.
शिकायतकर्ता का कहना था कि इस फिल्म से उनके पिता की निजी जिंदगी और उनकी छवि को नुकसान पहुंचा है. लेकिन कोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया.
कोर्ट ने क्या कहा?
7 फरवरी को हुई सुनवाई में कोर्ट ने साफ कहा कि निजता का अधिकार व्यक्ति से जुड़ा होता है. किसी व्यक्ति की मौत के बाद यह अधिकार उसके परिवार को नहीं मिलता. कोर्ट के मुताबिक, निजी अधिकारों को रचनात्मक कामों जैसे फिल्मों पर रोक लगाने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.
कोर्ट ने यह भी माना कि फिल्म निर्माताओं ने शुरुआत में ही डिस्क्लेमर दिया है कि फिल्म पूरी तरह काल्पनिक है. फिल्म के किरदार और कहानी किसी असली व्यक्ति पर आधारित नहीं हैं और किसी से समानता होना केवल संयोग है.
रिलीज से पहले याचिका पर कोर्ट की आपत्ति
कोर्ट ने यह सवाल भी उठाया कि फिल्म की घोषणा साल 2024 में हो चुकी थी. उस समय किसी ने आपत्ति नहीं जताई. अब रिलीज के बिल्कुल पास आकर याचिका दायर करने से फिल्म निर्माताओं और जुड़े लोगों को आर्थिक नुकसान हो सकता है.
कोर्ट ने माना कि इस तरह की याचिकाएं रचनात्मक स्वतंत्रता पर असर डाल सकती हैं.
13 फरवरी को रिलीज होगी 'ओ रोमियो'
फिल्म 'ओ रोमियो' 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. इसका निर्देशन विशाल भारद्वाज ने किया है, जो पहले 'हैदर', 'ओमकारा', 'मकबूल', 'कमीने' और '7 खून माफ' जैसी फिल्में बना चुके हैं.
फिल्म में शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी मुख्य भूमिकाओं में हैं. इनके अलावा नाना पाटेकर, फरीदा जलाल, तमन्ना भाटिया और अविनाश तिवारी भी अहम किरदारों में नजर आएंगे.
'ओ रोमियो' मशहूर लेखक हुसैन जैदी की किताब 'माफिया क्वींस ऑफ मुंबई' से प्रेरित बताई जा रही है. फिल्म में शाहिद कपूर एक कुख्यात गैंगस्टर हुसैन उस्तरा जैसा किरदार निभाते नजर आएंगे. हालांकि मेकर्स का कहना है कि फिल्म की कहानी और पात्र काल्पनिक हैं.
ये भी पढ़ें- Valentine Week Love Rashifal: रोज डे से वैलेंटाइन डे तक, इस वीक किसे मिलेगा प्यार? जानें अपना राशिफल