'ट्रॉफी को छूने का एहसास अच्छा है', जब मोहसिन ट्रॉफी देने को नहीं हो रहे तैयार; सूर्या कुमार यादव ने कसा तंज

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाया और सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया. बारिश की वजह से ब्रिस्बेन में खेला गया आखिरी मैच भले ही अधूरा रह गया हो, लेकिन सीरीज जीतने की खुशी टीम इंडिया के चेहरों पर साफ झलक रही थी.

Surya Kumar Yadav Slams Mohsin Naqvi over stole trophy
Image Source: Social Media

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने एक बार फिर अपना दबदबा दिखाया और सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया. बारिश की वजह से ब्रिस्बेन में खेला गया आखिरी मैच भले ही अधूरा रह गया हो, लेकिन सीरीज जीतने की खुशी टीम इंडिया के चेहरों पर साफ झलक रही थी. इसी दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक ऐसा बयान दिया, जिसने क्रिकेट फैंस को एशिया कप ट्रॉफी विवाद की याद दिला दी.


सीरीज की शुरुआत कुछ उतार-चढ़ाव के साथ हुई. कैनबरा में पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया, जबकि मेलबर्न टी20 में ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट से जीत दर्ज की. लेकिन भारतीय टीम ने शानदार वापसी करते हुए होबार्ट में 5 विकेट से और गोल्ड कोस्ट में 48 रनों से जीत हासिल कर सीरीज पर कब्जा जमाया. गाबा में खेले गए आखिरी मैच में भारत ने 4.5 ओवर में बिना किसी नुकसान के 52 रन बना लिए थे, जब बारिश ने खेल बिगाड़ दिया. हालांकि यह मैच रद्द होने के बावजूद सीरीज भारत के खाते में गई और सूर्या की टीम ने एक और ट्रॉफी अपने नाम की.

“आखिरकार ट्रॉफी को छूकर अच्छा लगा” 

पोस्ट-मैच सेरेमनी के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव ने ट्रॉफी को हाथ में लेते हुए मुस्कुराकर कहा, कि आखिरकार ट्रॉफी को छूकर बहुत अच्छा लग रहा है. कुछ दिन पहले एक और ट्रॉफी भारत आई  हमारी महिला टीम ने क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता है. अब इस ट्रॉफी को पकड़कर भी काफी अच्छा लगा. यह बयान सुनकर फैंस को तुरंत एशिया कप 2025 ट्रॉफी विवाद की याद आ गई. दरअसल, भारत ने एशिया कप तो जीत लिया था, लेकिन ट्रॉफी अभी तक देश नहीं पहुंची.

एशिया कप ट्रॉफी विवाद क्या है?

एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय टीम ने विजेता ट्रॉफी लेने से एसीसी प्रमुख मोहसिन नकवी के हाथों इनकार कर दिया था. इसके बाद नकवी ट्रॉफी लेकर चले गए और तब से वह एसीसी ऑफिस में ही पड़ी है, भारत वापस नहीं आई. सूर्या का यह बयान उसी पृष्ठभूमि में आया, जिसे कई फैंस ने “हल्के अंदाज में कड़ा तंज” माना.

बीसीसीआई का बयान: “जल्द सुलझ जाएगा विवाद”

इस बीच बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एशिया कप ट्रॉफी विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि एसीसी और बीसीसीआई के बीच सकारात्मक बातचीत चल रही है. दोनों बोर्ड आपसी सम्मान के साथ चर्चा कर रहे हैं और उम्मीद है कि ट्रॉफी विवाद जल्द ही सुलझ जाएगा. यह बयान इस बात का संकेत है कि भारत जल्द ही अपनी जीती हुई ट्रॉफी को अपने देश लाने में सफल हो सकता है.

सूर्या की कप्तानी में चमकती टीम इंडिया

सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारतीय टीम टी20 क्रिकेट में लगातार नई ऊंचाइयां छू रही है. उनके नेतृत्व में भारत अब तक एक भी टी20 सीरीज नहीं हारा.सितंबर में हुए एशिया कप में भारत ने पाकिस्तान को तीन बार (जिसमें फाइनल भी शामिल था) हराया और अब ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीम को पछाड़कर यह साबित किया कि सूर्या की अगुवाई में टीम का आत्मविश्वास अपने चरम पर है.

आगे की चुनौती: साउथ अफ्रीका दौरा

भारतीय टीम का अगला पड़ाव होगा साउथ अफ्रीका, जहां 9 दिसंबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में सूर्या एंड कंपनी एक बार फिर मैदान में उतरेगी. यह सीरीज टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है. टीम मैनेजमेंट अब नए संयोजनों और रणनीतियों पर प्रयोग कर सकता है, ताकि बड़े टूर्नामेंट से पहले टीम पूरी तरह संतुलित नजर आए.

यह भी पढ़ेंं:  “हम आग और आग हैं”, शुभमन गिल के साथ अपनी जोड़ी पर बोले अभिषेक शर्मा, सूर्या ने भी की तारीफ