Bhilwara News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में एक रहस्यमयी और अजीबोगरीब जीव की दस्तक से ग्रामीण हैरान रह गए. शाहपुरा क्षेत्र के सुरली कल्याणपुरा गांव में दो विशालकाय चमगादड़ों को देखने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. इन जीवों की खासियत 5 फीट के पंख, 3 फीट की लंबाई और लोमड़ी जैसा चेहरे ने लोगों के मन में डर और कौतूहल दोनों भर दिया.
पेड़ से लटका दिखा चमगादड़
एक चमगादड़ तो उड़ चुका था, लेकिन दूसरा मृत अवस्था में पेड़ से लटका मिला. सुबह उजाले में जब ग्रामीणों ने इसे देखा, तो इसकी शक्ल देखकर दंग रह गए लोमड़ी जैसे चेहरे, नुकीले कान, नथूने फूले हुए और नुकीले पंजे. बच्चे, बुज़ुर्ग, महिलाएं सभी डर के मारे उसे देखने से कतराने लगे, जबकि कुछ लोग वीडियो और तस्वीरें लेने लगे. स्थानीय लोगों का मानना है कि यह विशालकाय चमगादड़ बिजली के तारों की चपेट में आने से करंट लगने से जमीन पर गिर गया और उड़ नहीं पाया. हालांकि, यह भी आशंका है कि यह जीव किसी कारणवश रात में अंधेरे में घायल हो गया और सुबह होते ही नजर आने लगा.
वन विभाग ने दी अहम जानकारी
माण्डलगढ़ की सहायक वन संरक्षक पायल माथुर के अनुसार, यह जीव फ्लाइंग फॉक्स नामक चमगादड़ प्रजाति का है, जो अक्सर भारतीय उपमहाद्वीप में पाए जाते हैं. इनकी शक्ल लोमड़ी जैसी होती है, और ये पूरी तरह से शाकाहारी होते हैं फल, फूलों का रस और पराग खाकर अपना पेट भरते हैं.
इंसानों के लिए नहीं है खतरनाक
विशेषज्ञों के मुताबिक, ये चमगादड़ इंसानों के लिए किसी भी तरह से हानिकारक नहीं होते, बल्कि परागण (pollination) और बीज फैलाने में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण होती है. ये जीव दिन के उजाले में अंधे जैसे हो जाते हैं, लेकिन रात को इकोलोकेशन तकनीक से शिकार ढूंढ़ते हैं. हालांकि, भूख लगने पर ये छोटे पक्षियों, चूहों और खरगोशों का भी शिकार कर सकते हैं.
पहली बार देखा ऐसा जीव
गांववालों ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा जीव पहली बार देखा है. इससे पहले कोटा के चंबल वन क्षेत्र में इन विशालकाय चमगादड़ों के देखे जाने की खबरें मिल चुकी हैं, लेकिन भीलवाड़ा में ऐसी घटना पहली बार सामने आई है.
ये भी पढ़ें: बिस्किट के पैकेटों से निकले गुब्बारे, फुलाते ही बुरी तरह बौखला गए लोग, बुलानी पड़ गई पुलिस, जानें मामला