Union Budget 2026 Share Market: शेयर बाजार में निवेश और ट्रेडिंग करने वाले लोगों के लिए फरवरी की शुरुआत खास होने वाली है. आम तौर पर सप्ताहांत में बाजार बंद रहते हैं, लेकिन इस बार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने एक खास ऐलान किया है. 1 फरवरी 2026 को रविवार होने के बावजूद दोनों एक्सचेंज बजट के दिन पूरी तरह से खुलेंगे. इस दिन वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में केंद्रीय बजट पेश करेंगी, और इसलिए बाजार भी सामान्य दिनों की तरह लाइव ट्रेडिंग के लिए तैयार रहेगा.
बीएसई और एनएसई ने अलग-अलग सर्कुलर जारी कर निवेशकों को सूचित किया है कि बजट वाले दिन ट्रेडिंग का समय वही रहेगा जैसा अन्य सामान्य दिनों में होता है. प्री-ओपन मार्केट सुबह 9 बजे से 9:08 बजे तक चलेगा. वहीं, सामान्य ट्रेडिंग सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक होगी.
ट्रेडिंग केवल इक्विटी तक ही सीमित नहीं रहेगी. F&O यानी डेरिवेटिव्स और कमोडिटी डेरिवेटिव्स में भी ट्रेडिंग जारी रहेगी. हालांकि, BSE ने ध्यान दिलाया है कि T 0 सेटलमेंट सेशन और सेटलमेंट डिफॉल्ट के लिए ऑक्शन सेशन इस दिन नहीं होंगे.
रविवार को बाजार बंद रहता है, लेकिन इस बार नहीं
आमतौर पर शेयर बाजार सप्ताहांत यानी शनिवार और रविवार के अलावा कुछ सार्वजनिक छुट्टियों पर बंद रहता है. लेकिन इस बार बजट पेश होने के कारण दलाल स्ट्रीट को कामकाजी रविवार मिलेगा.
इतिहास की बात करें तो साल 2000 के बाद यह पहली बार है जब संसद में केंद्रीय बजट रविवार को पेश किया जाएगा. इससे पहले 2025 में निर्मला सीतारमण ने बजट शनिवार को पेश किया था. वहीं, साल 2015 में अरुण जेटली ने 28 फरवरी को शनिवार के दिन बजट पेश किया था.
साल 2026 में शेयर बाजार की प्रमुख छुट्टियां
शेयर बाजार केवल सप्ताहांत ही नहीं, बल्कि सालभर में कुल 16 सार्वजनिक छुट्टियों पर बंद रहेगा. इनमें 26 जनवरी का गणतंत्र दिवस भी शामिल है. साल के पहले हिस्से में प्रमुख छुट्टियों में 3 मार्च को होली, 26 मार्च को राम नवमी, 31 मार्च को महावीर जयंती और 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे शामिल हैं. इसके अलावा 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती, 1 मई को महाराष्ट्र दिवस और 28 मई को बकरीद पर भी बाजार बंद रहेंगे.
साल के दूसरे हिस्से में भी कई छुट्टियां हैं. 26 जून को मुहर्रम, 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती, 20 अक्टूबर को दशहरा, 10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा और 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती पर भी बाजार बंद रहेगा. वहीं, साल की आखिरी छुट्टी 25 दिसंबर को क्रिसमस के दिन होगी.
निवेशकों के लिए टिप्स
बजट वाले दिन बाजार खुलने के चलते निवेशकों को अपनी रणनीति पहले से तैयार रखने की सलाह दी जाती है. बजट पेश होने के बाद अक्सर शेयरों में उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है. इसलिए, प्री-ओपन मार्केट से ही बाजार की दिशा को समझना और जरूरी पोर्टफोलियो बदलाव करना फायदेमंद हो सकता है.
इसके अलावा, F&O और कमोडिटी डेरिवेटिव्स में ट्रेडिंग भी खुली रहेगी, जिससे जो लोग डेरिवेटिव्स में एक्टिव रहते हैं, उनके लिए यह दिन खास अवसर लेकर आ सकता है. निवेशक इस अवसर का सही इस्तेमाल कर अपने पोर्टफोलियो को मजबूत कर सकते हैं.
ये भी पढ़ें- ईरान में 9000 भारतीयों को लेकर क्यों बढ़ी चिंता? MEA ने फिर की खास अपील, चाबहार पोर्ट पर भी आया अपडेट