मथुरा के वृंदावन में बड़ा हादसा, यमुना में स्टीमर पलटने से 10 लोगों की मौत, कई अभी भी लापता

Mathura News: यूपी के मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. श्रृंगार घाट के पास एक स्टीमर पलटने से कई श्रद्धालु यमुना नदी में गिर गए.

Steamer Capsizes in Yamuna at Mathura Vrindavan 10 people died
Image Source: Social Media

Mathura News: यूपी के मथुरा जिले के वृंदावन में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. श्रृंगार घाट के पास एक स्टीमर पलटने से कई श्रद्धालु यमुना नदी में गिर गए. इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 को सुरक्षित बचा लिया गया है. वहीं, आठ लोग अभी भी लापता हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. यह सभी श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना से बांके बिहारी के दर्शन के लिए वृंदावन आए थे. पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर रेस्क्यू में जुटी हुई है, लेकिन हादसे के कारण क्षेत्र में भारी तनाव और शोक का माहौल है.

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 25 लोग निकाले गए

रेस्क्यू टीम ने अब तक यमुना नदी से 25 लोगों को बाहर निकाला है. इनमें से 15 लोग सुरक्षित हैं, जिनकी हालत स्थिर है, जबकि 10 लोगों की जान चली गई है. बचाए गए लोगों में कुछ की हालत गंभीर थी, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस और गोताखोरों की टीम ने नदी से 10 शव भी बरामद किए हैं. इसके बावजूद, आठ लापता लोगों की तलाश में रेस्क्यू कार्य लगातार जारी है.

सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

उक्त हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने इस घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त की और रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने की बात कही. इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और हर संभव मदद दी जा सके.

घटनास्थल पर भारी भीड़

श्रृंगार घाट पर हादसे के बाद भारी संख्या में लोग जमा हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल को तैनात किया गया, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके. स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर के समय श्रद्धालुओं से भरा एक स्टीमर पांटून पुल से टकरा गया और पलट गया. घाट पर स्नान कर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और इसके बाद राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.

रेस्क्यू ऑपरेशन में NDRF और SDRF की मदद

स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम के साथ-साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. ये टीमें मिलकर नदी में लापता लोगों की खोजबीन कर रही हैं और घटनास्थल पर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही हैं. हादसे के कारण क्षेत्र में डर और अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है, लेकिन रेस्क्यू टीम पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है.

जिलाधिकारी ने दी हादसे की जानकारी

मथुरा के जिलाधिकारी चंद्र प्रताप सिंह ने इस हादसे की जानकारी दी और बताया कि घटना में 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 लोगों को बचा लिया गया है. उन्होंने कहा कि रेस्क्यू टीम द्वारा अन्य लापता लोगों की तलाश की जा रही है. जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि पंजाब के श्रद्धालु शुक्रवार को लुधियाना से वृंदावन आए थे, जहां उन्होंने बांके बिहारी के दर्शन किए और फिर स्टीमर पर बैठकर यमुना में सैर करने गए थे. इस दौरान स्टीमर पलट गया और यह हादसा हुआ.

ये भी पढ़ें: UP SIR: यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 84 लाख नए मतदाता जुड़े, किस शहर में सबसे ज्यादा बढ़े?