स्पेन ने क्रिकेट में रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया का 23 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त, बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

फुटबॉल की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले स्पेन ने अब क्रिकेट में भी इतिहास रच दिया है. स्पेन क्रिकेट टीम ने लगातार सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच जीतने का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है.

spain-breaks-australia-record-24-consecutive-international-wins
Image Source: Social Media

फुटबॉल की दुनिया में अपनी पहचान बनाने वाले स्पेन ने अब क्रिकेट में भी इतिहास रच दिया है. स्पेन क्रिकेट टीम ने लगातार सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच जीतने का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है. टीम ने ऑस्ट्रेलिया के करीब 23 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए लगातार 24 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले अपने नाम कर लिए हैं. खास बात यह है कि स्पेन ने 2023 के बाद से अब तक एक भी इंटरनेशनल मैच नहीं गंवाया है और करीब तीन साल में इस ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंचा है.

ऑस्ट्रेलिया का 20 जीत का रिकॉर्ड पीछे छूटा

लगातार अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीतने के मामले में इससे पहले ऑस्ट्रेलिया का दबदबा था. कंगारू टीम ने 2003 में लगातार 20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले जीतकर यह रिकॉर्ड बनाया था. हालांकि, स्पेन ने इस आंकड़े को काफी पीछे छोड़ दिया है. स्पेन की मौजूदा जीत का सिलसिला लगातार 24 मैचों तक पहुंच चुका है. यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि क्रिकेट की बड़ी और स्थापित टीमों के बीच भी इस तरह की निरंतरता बेहद कम देखने को मिली है.

14 अगस्त को ही स्पेन ने रचा था नया इतिहास

स्पेन ने 14 अगस्त को फिनलैंड के खिलाफ मुकाबला जीतकर लगातार 21वीं अंतरराष्ट्रीय जीत दर्ज की थी और उसी के साथ ऑस्ट्रेलिया का पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया था. इसके बाद भी टीम का विजय अभियान नहीं रुका और अब जीत का आंकड़ा 24 तक पहुंच चुका है. स्पेन इन दिनों फिनलैंड में टी20 वर्ल्ड कप रीजनल यूरोप क्वालिफायर्स में हिस्सा ले रहा है, जहां टीम का प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है. इस दौरान स्पेन ने अपनी जीत की लय को बरकरार रखते हुए क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है.

24 जीत का सिलसिला, अब नजर नए रिकॉर्ड पर

स्पेन की यह उपलब्धि तीनों फॉर्मेट में लगातार जीत के संदर्भ में दर्ज की गई है, जबकि ऑस्ट्रेलिया का पिछला रिकॉर्ड वनडे क्रिकेट में लगातार 20 जीत का था. स्पेन की मौजूदा 24 जीतें टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में आई हैं. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि स्पेन की यह विजयी यात्रा आखिर कहां जाकर रुकेगी. जिस टीम ने ऑस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम के दो दशक पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा है, वह आने वाले मुकाबलों में अपने ही रिकॉर्ड को और मजबूत कर सकती है.

लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने वाली टीमें (इंटरनेशनल क्रिकेट)

  • 24* जीत - स्पेन (2023 - 2026)
  • 20 जीत - ऑस्ट्रेलिया (2003)
  • 17 जीत - युगांडा (2024 - 2025)
  • 16 जीत - ऑस्ट्रेलिया (2000 - 2001)
  • 16 जीत - ऑस्ट्रेलिया (2006 - 2007)
  • 14 जीत - पाकिस्तान (1990)
  • 14 जीत - पाकिस्तान (2011 - 2012)
  • 14 जीत - जापान (2024 - 2025)
  • 13 जीत - पाकिस्तान (2001 - 2002)
  • 13 जीत - दक्षिण अफ्रीका (2008)
  • 13 जीत - न्यूज़ीलैंड (2022)
  • 13जीत - मलेशिया (2022)
  • 13 जीत - बरमूडा (2021 - 2023)

ये भी पढ़ें: इंग्लैंड को बड़ा झटका, इंजरी के चलते पूरे सीजन से बाहर हुआ ये खूंखार खिलाड़ी, होगी सर्जरी