नए साल में बदल जाएंगे SIM कार्ड के नियम, अब ठगी पर लगेगी लगाम, जानें आम यूजर के लिए क्या बदलेगा?

New SIM Rules: भारत में साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. प्रतिवर्ष सैकड़ों-हजारों करोड़ रुपये की ठगी हो रही है, जिससे कई लोगों की जिंदगी में भारी उतार-चढ़ाव आ रहा है.

SIM card rules will change in 2026 to curb fraud here s how it will impact people
Image Source: Freepik

New SIM Rules: भारत में साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. प्रतिवर्ष सैकड़ों-हजारों करोड़ रुपये की ठगी हो रही है, जिससे कई लोगों की जिंदगी में भारी उतार-चढ़ाव आ रहा है. इस बढ़ते खतरे के बावजूद ठगों को पकड़ने और ठगी की घटनाओं को रोकने में सरकारी एजेंसियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है. विदेशी ठगों के नेटवर्क की वजह से यह अपराध और भी जटिल हो गए हैं. ऐसे में, सरकार और नियामक एजेंसियां साइबर सुरक्षा को मजबूती से लागू करने के लिए नये उपायों पर काम कर रही हैं, जिनसे आम लोगों को ठगी से बचाया जा सके.

साइबर सुरक्षा के लिए RBI, NPCI और TRAI की सक्रियता

साइबर ठगी के खिलाफ लड़ाई में आरबीआई, NPCI और TRAI ने कदम उठाए हैं. NPCI ने हाल ही में UPI के एक फीचर को बंद कर दिया था, जिसके जरिए ठग पैसे ट्रांसफर करने का झांसा देते थे. इसके अलावा, TRAI ने SIM कार्ड के KYC नियमों को सख्त कर दिया है और प्रमोशनल कॉल्स के लिए नई नंबर सीरीज अनिवार्य कर दी है. साथ ही, RBI और TRAI एक नई डिजिटल प्रणाली पर काम कर रहे हैं, जो बैंक ग्राहकों को प्रमोशनल कॉल और संदेशों की मंजूरी को ट्रैक और रद्द करने का अधिकार देगा.

2026 में लागू होने वाले महत्वपूर्ण बदलाव

सरकार और रेगुलेटरी एजेंसियां अब ऐसे उपायों की योजना बना रही हैं, जो आम यूजर्स को साइबर ठगी से बचा सकें. इनमें दो महत्वपूर्ण बदलाव सबसे अधिक चर्चा में हैं, जिनसे साइबर अपराध पर काबू पाया जा सकता है.

CNAP: कॉल करने वाले का नाम दिखेगा

अक्सर साइबर ठग खुद को सरकारी अधिकारी, बैंक कर्मचारी या किसी परिचित के रूप में पेश करते हैं, ताकि उन्हें आसानी से ठगा जा सके. इस धोखाधड़ी को रोकने के लिए TRAI ने Caller Name Presentation (CNAP) लागू करने का निर्देश दिया है. इस प्रणाली के तहत कॉल करने वाले का नाम यूजर की स्क्रीन पर दिखाई देगा. यह नाम उसी KYC डेटा से लिया जाएगा जो SIM खरीदते वक्त दिया गया था. यह व्यवस्था फिलहाल ट्रायल स्टेज में है, लेकिन उम्मीद है कि 2026 तक इसे पूरे देश में लागू कर दिया जाएगा.

मैसेजिंग ऐप्स के गलत इस्तेमाल पर लगेगी रोक

साइबर ठग अक्सर WhatsApp और अन्य मैसेजिंग ऐप्स पर भारतीय नंबरों का इस्तेमाल करते हैं और काम पूरा होने पर SIM कार्ड को फेंक देते हैं ताकि उन्हें ट्रैक न किया जा सके. इस समस्या का समाधान करने के लिए दूरसंचार विभाग ने SIM-बाइंडिंग को अनिवार्य करने का निर्णय लिया है. इसका मतलब यह होगा कि किसी भी मैसेजिंग ऐप को उपयोग करने के लिए उस नंबर की फिजिकल SIM उसी फोन में मौजूद होनी चाहिए. बिना SIM के ऐप काम नहीं करेगा. यह नियम 2026 तक पूरी तरह लागू होने की संभावना है.

आम यूज़र के लिए क्या बदलेगा?

इन नए नियमों के लागू होने के बाद, फर्जी कॉल और मैसेज के जरिए ठगी करने वालों के लिए मुश्किलें बढ़ सकती हैं. CNAP के कारण कॉल करने वाले का नाम स्पष्ट रूप से दिखेगा, जिससे ठगों को आसानी से पकड़ने में मदद मिलेगी. इसके अलावा, SIM-बाइंडिंग के चलते मैसेजिंग ऐप्स का गलत इस्तेमाल करना भी ठगों के लिए कठिन हो जाएगा. कुल मिलाकर, 2026 में मोबाइल यूज़र्स के लिए यह साल एक बड़ा डिजिटल सुरक्षा बदलाव लेकर आ सकता है, जिससे साइबर ठगी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है.

ये भी पढ़ें: सावधान! QR कोड के जरिए हो रहे स्कैम, शातिर ठग आपको ऐसे लगा सकते हैं चूना, जान लें बचने के तरीके