Shahrukh Khan On National Award: शुक्रवार की शाम भारतीय सिनेमा के लिए खास रही, लेकिन शाहरुख खान के फैंस के लिए यह भावनाओं से भरा एक ऐतिहासिक दिन बन गया. 33 सालों के शानदार करियर के बाद, किंग खान को आखिरकार 71वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में 'जवान' के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला. यह पुरस्कार उन्होंने विक्रांत मैसी (12th फेल) के साथ साझा किया है.
हालांकि शाहरुख की खुशी के इस लम्हे में फैंस की नज़र एक ऐसी चीज़ पर जा अटकी, जिसने सबको थोड़ी चिंता में डाल दिया, उनके हाथ में बंधा पट्टा.
Thank you for honouring me with the National Award. Thanks to the jury, the I&B ministry… Iss samman ke liye Bharat Sarkar ka dhanyawaad. Overwhelmed with the love showered upon me. Half a hug to everyone today…. pic.twitter.com/PDiAG9uuzo
— Shah Rukh Khan (@iamsrk) August 1, 2025
"ये पल मैं ज़िंदगी भर सहेजकर रखूंगा"
नेशनल अवॉर्ड की घोषणा के बाद शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर एक 2 मिनट 17 सेकंड का वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वे नम्रता, गर्व और भावुकता से लबरेज़ नजर आए. वीडियो की शुरुआत में उन्होंने कहा, "नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित होना मेरे लिए ऐसा पल है जिसे मैं ज़िंदगी भर सहेज कर रखूंगा." उन्होंने इस सम्मान के लिए जूरी, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और अपने प्रशंसकों का आभार जताया. खास बात यह रही कि शाहरुख ने अपने परिवार को भी इस उपलब्धि का श्रेय दिया. उन्होंने कहा, "मेरे बच्चे और मेरी पत्नी चार साल तक मुझे यूं संभालते रहे, जैसे मैं घर का सबसे छोटा बच्चा हूं."
परिवार और जुनून की कहानी
शाहरुख अपने वीडियो में आगे कहते हैं, "मेरा परिवार जानता है कि सिनेमा के लिए मेरा जुनून मुझे उनसे दूर ले जाता है, लेकिन वे मुस्कुराते हुए इसे स्वीकार करते हैं." उन्होंने कहा कि नेशनल अवॉर्ड न केवल एक ट्रॉफी है, बल्कि यह उन्हें याद दिलाता है कि उनका काम लोगों के लिए मायने रखता है. यह सम्मान उन्हें आगे भी सिनेमा की सेवा करते रहने की प्रेरणा देता है.
हाथ में पट्टा, फिर भी उम्मीद ज़िंदा
फैंस के बीच चर्चा का विषय बना शाहरुख का हाथ में बंधा पट्टा, जो वीडियो में साफ नजर आया. कुछ दिन पहले खबर आई थी कि वह ‘किंग’ फिल्म के सेट पर चोटिल हो गए थे. हालांकि उनकी टीम ने सफाई दी थी कि चोट नई नहीं, बल्कि एक पुरानी इंजरी के इलाज के लिए वे अमेरिका गए थे.
इस पर शाहरुख ने मज़ाकिया अंदाज़ में कहा, "मैं आपका सिग्नेचर स्टेप करना चाहता हूं, लेकिन अभी मुमकिन नहीं है. कोई बात नहीं, पॉपकॉर्न तैयार रखिए, मैं जल्द ही सिनेमाघरों में लौटूंगा."
यह भी पढ़ें- रूस के सामने ट्रंप की हवा टाइट! मेदवेदेव की चेतावनी से घबराकर उठाया न्यूक्लियर सबमरीन तैनात करने का फैसला