PM Modi Appeal On Heatwave: देशभर में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि तेज गर्मी और लू से बचने के लिए लोगों को ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए और घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखना चाहिए.
बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखने की सलाह
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भीषण गर्मी का असर सबसे ज्यादा बच्चों, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले लोगों पर पड़ता है. उन्होंने लोगों से अपील की कि गर्मी से होने वाली थकान या कमजोरी को नजरअंदाज न करें, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकता है.
देश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी से होने वाली कई कठिनाइयां भी बढ़ रही हैं। मैं सभी देशवासियों से आग्रह करता हूं कि जितनी अधिक सावधानी बरत सकें, अवश्य बरतें। कृपया स्वयं को हाइड्रेटेड रखें, घर से बाहर निकलते समय पानी साथ रखें।…
— Narendra Modi (@narendramodi) May 27, 2026
सोशल मीडिया पर लोगों से की अपील
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है. उन्होंने कहा कि सभी लोग अपनी सेहत का ध्यान रखें, शरीर में पानी की कमी न होने दें और बाहर जाते समय पानी जरूर साथ रखें.
प्यासे लोगों को पानी पिलाने की सलाह
प्रधानमंत्री ने लोगों से नेकी और संवेदनशीलता दिखाने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि अगर संभव हो तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर पिलाएं. पीएम मोदी ने उन लोगों की भी तारीफ की जो अपने घरों या दुकानों के बाहर मटके में पानी रखते हैं ताकि राह चलते लोग पानी पी सकें.
परिवार के बुजुर्गों का हाल पूछने को कहा
पीएम मोदी ने लोगों से अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य बुजुर्ग रिश्तेदारों का हालचाल पूछने की भी अपील की. उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप से बचने और ज्यादा आराम करने की सलाह दें.
पशु-पक्षियों का भी रखें ध्यान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस भीषण गर्मी में पशु-पक्षियों को भी नहीं भूलना चाहिए. उन्होंने लोगों से अपील की कि घर, बालकनी, छत, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा छोटा बर्तन जरूर रखें ताकि पक्षियों और जानवरों को पानी मिल सके.
नौतपा ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
देश में 25 जून से नौतपा की शुरुआत हो चुकी है और इसके साथ ही कई राज्यों में गर्मी और ज्यादा बढ़ गई है. सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं. तापमान लगातार बढ़ने की वजह से दिन में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है. कई इलाकों में लोग लू और तेज गर्मी से बचने के लिए घरों में रहने को मजबूर हैं.
ये भी पढ़ें- कई हिस्सों में बदलेगा मौसम का मिजाज, मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, इन 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट