NEET UG Result: NEET UG में पंजाब-हरियाणा के छात्रों का जलवा, 19 छात्रों ने 720 में 715 अंक के साथ किया टॉप

NEET UG Result 2026: NTA ने NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने 715 अंक के साथ संयुक्त रूप से टॉप किया, जबकि देशभर में 19 अभ्यर्थियों ने 720 में 700 से अधिक अंक हासिल किए.

neet-ug-2026-result-topper-cutoff-scorecard-download
AI Generated

NEET UG Result 2026: देशभर के लाखों मेडिकल अभ्यर्थियों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 का परिणाम जारी कर दिया है. इस साल परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों में से 11.21 लाख से अधिक छात्रों ने मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य स्नातक चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए क्वालिफाई किया है. इस बार पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने 720 में से 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से देशभर में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया. परिणाम जारी होने के साथ ही एनटीए ने ऑल इंडिया रैंक, स्टेट टॉपर्स, कैटेगरी-वाइज मेरिट और क्वालिफाइंग कट-ऑफ भी सार्वजनिक कर दिए हैं.

आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है स्कोरकार्ड

परीक्षा में शामिल सभी उम्मीदवार अब neet.nta.nic.in पर जाकर अपना स्कोरकार्ड डाउनलोड कर सकते हैं. परिणाम के साथ एनटीए ने ऑल इंडिया रैंक होल्डर्स, राज्यवार टॉपर्स, विभिन्न श्रेणियों के टॉपर्स, कट-ऑफ अंक और भाषा के अनुसार परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का विस्तृत डेटा भी जारी किया है.

पंजाब और हरियाणा के छात्रों ने किया संयुक्त टॉप

इस वर्ष आर्यन गुप्ता (पंजाब) और पंशुल बंसल (हरियाणा) ने 720 में से 715 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया. परीक्षा में कुल 19 उम्मीदवारों ने 700 से अधिक अंक हासिल किए. वहीं 1,492 अभ्यर्थियों ने 650 या उससे अधिक, 10,160 उम्मीदवारों ने 600 से अधिक और 90,780 छात्रों ने 500 से ज्यादा अंक प्राप्त किए.

20 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने दी परीक्षा

एनटीए के अनुसार इस वर्ष करीब 20 लाख उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें से 11.21 लाख ने सफलता हासिल की. परीक्षा देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी. सफल उम्मीदवारों में 58 प्रतिशत से अधिक छात्राएं हैं, जो इस बार भी छात्रों से बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहीं. एजेंसी ने यह भी बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले 93 प्रतिशत से अधिक उम्मीदवार पहली बार NEET UG दे रहे थे, जबकि लगभग 99 प्रतिशत अभ्यर्थियों की आयु 17 से 19 वर्ष के बीच रही.

विभिन्न श्रेणियों में इतने उम्मीदवार हुए सफल

एनटीए द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सामान्य वर्ग से लगभग 2.91 लाख, ओबीसी-एनसीएल से 5.12 लाख, अनुसूचित जाति से 1.59 लाख, अनुसूचित जनजाति से 63,716, सामान्य ईडब्ल्यूएस से 95,026, पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से 3,666 और पीडब्ल्यूडी श्रेणी से 303 उम्मीदवारों ने परीक्षा क्वालिफाई की है.

राज्यवार टॉपर्स की सूची भी हुई जारी

एनटीए ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के टॉपर्स के नाम भी जारी किए हैं. इस बार 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से सफल उम्मीदवार सामने आए हैं. उत्तर प्रदेश से सबसे अधिक 1.7 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने क्वालिफाई किया, जबकि लक्षद्वीप से 43 उम्मीदवार सफल हुए. राज्यवार टॉपर्स में लद्दाख की जिग्मेट यांगचन लामो (530 अंक), अंडमान एवं निकोबार के ध्रुव त्रिपाठी (606 अंक) और लक्षद्वीप की फहमीदा अनीस (573 अंक) भी शामिल हैं. वहीं 17 राज्यों के टॉपर्स ने 700 या उससे अधिक अंक हासिल किए, जबकि 26 राज्य टॉपर्स ने 690 से अधिक अंक प्राप्त किए.

66 शहरों से आए देश के टॉप रैंकर्स

एनटीए के मुताबिक इस बार देश के 66 शहरों से कुल 138 टॉप रैंकर्स सामने आए हैं. इनमें से 17 उम्मीदवार, जिन्होंने 705 से अधिक अंक प्राप्त किए हैं, वे पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे आठ राज्यों से हैं.

13 भाषाओं में आयोजित हुई थी NEET UG परीक्षा

NEET UG 2026 का आयोजन हिंदी, अंग्रेजी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू सहित कुल 13 भाषाओं में किया गया था.

वहीं, परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की 25 जून 2026 को जारी की गई थी और आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 25 से 28 जून तक चली. इसके बाद 13 से 15 जुलाई के बीच उम्मीदवारों को उनकी स्कैन की गई OMR शीट और रिकॉर्डेड रिस्पॉन्स उपलब्ध कराए गए. 16 जुलाई 2026 को फाइनल आंसर-की जारी होने के बाद उसी दिन परिणाम भी घोषित कर दिया गया.