Delhi Katra Expressway: दिल्ली से माता वैष्णो देवी धाम कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के नए हिस्से का उद्घाटन करेंगे.
इसके बाद इस एक्सप्रेसवे का करीब 188 किलोमीटर लंबा हिस्सा आम लोगों के लिए खुल जाएगा. इससे दिल्ली से कटरा और अमृतसर का सफर पहले के मुकाबले काफी आसान और तेज हो जाएगा.
दिल्ली से कटरा सिर्फ 6 घंटे में
अभी दिल्ली से कटरा पहुंचने में करीब 14 घंटे लगते हैं. लेकिन एक्सप्रेसवे पूरी तरह तैयार होने के बाद यह सफर सिर्फ 6 घंटे में पूरा किया जा सकेगा. वहीं, दिल्ली से अमृतसर की यात्रा भी 8 घंटे की जगह करीब 4 घंटे में पूरी होगी.
किन हिस्सों का होगा उद्घाटन?
प्रधानमंत्री मोदी चार लेन वाले दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे के पैकेज-1 से पैकेज-5 तक के करीब 157.92 किलोमीटर हिस्से का उद्घाटन करेंगे. इसकी लागत लगभग 9,680 करोड़ रुपये है. इसके साथ पंजाब में 30.9 किलोमीटर लंबे पैकेज-6 का भी उद्घाटन होगा. इन सभी हिस्सों को मिलाकर करीब 188 किलोमीटर एक्सप्रेसवे चालू हो जाएगा.
एक्सप्रेसवे की खास बातें
दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे भारतमाला परियोजना के तहत बनाया जा रहा है. इसकी कुल लंबाई करीब 670 किलोमीटर है और इसे बनाने की अनुमानित लागत लगभग 40 हजार करोड़ रुपये है.
इस एक्सप्रेसवे पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगे. साथ ही इसे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जा रहा है, जिससे उत्तराखंड आने-जाने वाले लोगों को भी फायदा मिलेगा.
किन राज्यों और शहरों को मिलेगा फायदा?
यह एक्सप्रेसवे दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर को आपस में जोड़ता है. हरियाणा के रोहतक, जींद और कैथल, पंजाब के पटियाला, संगरूर, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर, गुरदासपुर और पठानकोट जैसे शहर इससे जुड़ेंगे. वहीं जम्मू-कश्मीर के कठुआ, सांबा, जम्मू और कटरा तक भी बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा.
क्या है इसका रूट?
यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के बहादुरगढ़ से शुरू होकर हरियाणा और पंजाब होते हुए नकोदर तक जाता है. नकोदर पहुंचने के बाद इसका रास्ता दो हिस्सों में बंट जाता है. एक मार्ग अमृतसर की ओर जाता है, जबकि दूसरा जम्मू और कटरा तक पहुंचता है.
इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से यात्रा का समय कम होगा, सफर पहले से ज्यादा आरामदायक बनेगा और दिल्ली से वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम यात्रियों को भी बड़ा फायदा मिलेगा.
ये भी पढ़ें- The JC Show: पीएम मोदी की तीन देशों की यात्रा के क्या हैं मायने? देखें डॉ. जगदीश चंद्र का विश्लेषण