Weather Update: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है. कहीं तेज गर्मी पड़ रही है तो कहीं बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है. राजधानी दिल्ली में फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन आने वाले दिनों में राहत मिलने के संकेत हैं.
दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 मई के लिए दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. बुधवार को राजधानी का अधिकतम तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं चलने की संभावना है, जिससे लोगों को काफी परेशानी हो सकती है.
28 मई से बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई से 31 मई तक दिल्ली में बारिश हो सकती है. बारिश होने से तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है. अधिकतम तापमान 45 डिग्री से घटकर 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का अनुमान
27 मई को नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. अरुणाचल प्रदेश में भी 27 मई और 1 जून को बारिश होने का अनुमान लगाया गया है.
असम-मेघालय समेत कई राज्यों में बदलेगा मौसम
असम और मेघालय में 27 मई से 1 जून तक बारिश की संभावना बनी हुई है. वहीं 28 मई को केरल और लक्षद्वीप में भी बारिश हो सकती है. 30 मई को तमिलनाडु, पुडुचेरी, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गरज के साथ बारिश का अनुमान है. इन इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
बिहार और झारखंड में बारिश और ओलावृष्टि के आसार
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 27 मई को बारिश हो सकती है. वहीं बिहार और ओडिशा में 29 और 30 मई को मौसम बदलने की संभावना है. बिहार के कुछ जिलों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. झारखंड में अगले सात दिनों तक रुक-रुक कर गरज के साथ बारिश होने के संकेत हैं.
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में 28 से 30 मई के बीच बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में भी 28 और 29 मई को गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
यूपी-राजस्थान में तेज हवाएं और आंधी
28 से 31 मई के बीच पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है. 29 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी आने की संभावना है.
मध्य भारत और गुजरात में भी बारिश के संकेत
पश्चिमी मध्य प्रदेश में 28 से 30 मई के बीच गरज के साथ बारिश हो सकती है. गोवा और मध्य महाराष्ट्र में 29 मई को बारिश का अनुमान है. इसके अलावा गुजरात के कुछ जिलों में 30 मई से 1 जून तक बारिश होने की संभावना जताई गई है.
ये भी पढ़ें- TMC के साथ हुआ खेला! 100 पार्षदों ने दिया इस्तीफा, CM शुभेंदु की बैठक में काकोली घोष समेत 6 विधायक शामिल