STRIKE Asia Championship: भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) खिलाड़ी संग्राम सिंह ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का नाम रोशन किया है. भारत और पाकिस्तान के बीच हुए बहुप्रतीक्षित मुकाबले में संग्राम ने ऐसा दमदार प्रदर्शन किया कि मुकाबला शुरू होने के कुछ ही पलों बाद खत्म हो गया. उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद आबिद अली को पहले ही राउंड में नॉकआउट कर स्ट्राइक एशिया चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ उन्होंने न केवल एशियाई स्तर पर अपनी बादशाहत साबित की, बल्कि प्रोफेशनल MMA में अपना अजेय रिकॉर्ड भी कायम रखा.
पहले ही राउंड में खत्म कर दिया मुकाबला
भारत और पाकिस्तान के इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से दोनों देशों के खेल प्रेमियों को कड़ी टक्कर की उम्मीद थी. हालांकि रिंग में उतरते ही संग्राम सिंह ने अपने आक्रामक अंदाज से मुकाबले की तस्वीर बदल दी. उन्होंने लगातार सटीक पंच और शानदार तकनीक का प्रदर्शन करते हुए मोहम्मद आबिद अली को संभलने का कोई मौका नहीं दिया. मुकाबला शुरू होने के महज 1 मिनट 20 सेकंड यानी 80 सेकंड बाद ही रेफरी को नॉकआउट के साथ मुकाबला समाप्त घोषित करना पड़ा.
स्ट्राइक एशिया चैम्पियनशिप का जीता खिताब
इस शानदार जीत के साथ संग्राम सिंह ने प्रतिष्ठित स्ट्राइक एशिया चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया. यह उपलब्धि उनके प्रोफेशनल MMA करियर की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक मानी जा रही है. चैम्पियन बनने के बाद उन्होंने यह भी साबित कर दिया कि कुश्ती से प्रोफेशनल मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स की दुनिया में आने का उनका फैसला पूरी तरह सफल रहा है. आज वह भारत के सबसे सफल कॉम्बैट स्पोर्ट्स खिलाड़ियों में गिने जाते हैं.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कायम है अजेय रिकॉर्ड
संग्राम सिंह का प्रोफेशनल MMA रिकॉर्ड अब भी अजेय बना हुआ है. उन्होंने लगातार कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में जीत दर्ज कर भारत का गौरव बढ़ाया है. इससे पहले भी वह पाकिस्तान के अली रजा नासिर, ट्यूनीशिया के हाकिम त्राबेलसी और फ्रांस के फ्लोरियन कूडियर जैसे अंतरराष्ट्रीय फाइटर्स को हराकर अपनी क्षमता साबित कर चुके हैं. अब मोहम्मद आबिद अली पर मिली जीत ने उनके शानदार रिकॉर्ड में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ दी है.
देशवासियों को समर्पित की जीत
खिताब जीतने के बाद संग्राम सिंह ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता को पूरे देश को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि जब भी वह किसी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उतरते हैं तो उनके साथ करोड़ों भारतीयों की उम्मीदें और देश का सम्मान जुड़ा होता है. उन्होंने कहा कि तिरंगे के लिए जीत हासिल करना उनके लिए सबसे बड़ा गर्व है और आगे भी वह इसी जुनून के साथ देश का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे.
ये भी पढ़ें- लॉर्ड्स ODI में खिलाड़ियों ने ब्लैक आर्मबैंड पहनकर क्यों खेला मैच? जानें दोनों टीमों ने किसे दी श्रद्धांजलि