Virat Kohli: सोशल मीडिया के दौर में क्रिकेटरों से जुड़ी खबरें तेजी से फैलती हैं, लेकिन कई बार इनमें सच्चाई कम और अफवाह ज्यादा होती है. हाल ही में विराट कोहली को लेकर भी ऐसी ही एक चर्चा जोर पकड़ने लगी, जिसे खुद इस दिग्गज बल्लेबाज ने बेहद अलग अंदाज में खारिज कर दिया.
सोशल मीडिया पर एक खबर तेजी से वायरल हो रही थी, जिसमें दावा किया जा रहा था कि विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) मैनेजमेंट से खास मांग की है.
इस रिपोर्ट के मुताबिक, कोहली ने टीम से कहा था कि जब भी आईपीएल मुकाबलों के बीच 3 दिन का ब्रेक मिलेगा, तो उन्हें भारत से लंदन जाने के लिए चार्टर्ड फ्लाइट उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे वहां जाकर वापस लौट सकें. यह खबर सामने आते ही फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गई और सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने लगी.
बिना कुछ बोले कोहली ने दिया जवाब
इन अफवाहों के बीच विराट कोहली ने खुद आगे आकर इस पर प्रतिक्रिया दी, लेकिन उनका तरीका काफी अलग और दिलचस्प रहा. उन्होंने उस वायरल खबर को अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और साथ में सिर्फ दो हंसने वाले इमोजी पोस्ट किए.

कोहली ने कुछ भी लिखित में नहीं कहा, लेकिन उनका यह रिएक्शन ही काफी था यह समझाने के लिए कि वह खबर पूरी तरह निराधार है. उनके इस अंदाज को फैंस ने भी खूब पसंद किया और इसे अफवाहों पर करारा जवाब माना.
IPL 2026 की तैयारियों में व्यस्त
फिलहाल विराट कोहली पूरी तरह आईपीएल 2026 की तैयारियों में जुटे हुए हैं. वह पिछले हफ्ते ही RCB के ट्रेनिंग कैंप से जुड़े हैं और लगातार अभ्यास कर रहे हैं.
सोशल मीडिया पर उनके कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वह नेट्स पर बल्लेबाजी करते नजर आ रहे हैं. कुछ वीडियो में वह टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ बातचीत करते हुए अपने अनुभव साझा करते भी दिखाई दे रहे हैं. उनकी फिटनेस और फॉर्म को देखकर फैंस को इस सीजन में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें- IPL 2026: इस सीजन इतिहास रचने उतरेंगे विराट कोहली, बना सकते हैं आईपीएल के ये 5 रिकॉर्ड! देखें आंकड़े