IPL 2026: इस सीजन इतिहास रचने उतरेंगे विराट कोहली, बना सकते हैं आईपीएल के ये 5 रिकॉर्ड! देखें आंकड़े

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन शुरू होने के करीब है और हर बार की तरह इस बार भी सभी की नजरें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर टिकी हुई हैं.

IPL 2026 Virat Kohli will break these 5 records this season
Image Source: ANI

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 19वां सीजन शुरू होने के करीब है और हर बार की तरह इस बार भी सभी की नजरें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पर टिकी हुई हैं. 36 साल के कोहली ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए न सिर्फ सबसे ज्यादा रन बनाए, बल्कि टीम को उसका पहला खिताब दिलाकर 18 साल का इंतजार भी खत्म किया. अब वह एक बार फिर मैदान पर उतरने के लिए तैयार हैं, लेकिन इस बार उनका लक्ष्य सिर्फ रन बनाना नहीं, बल्कि ऐसे रिकॉर्ड बनाना है जो क्रिकेट इतिहास में बेहद खास माने जाएंगे.

आईपीएल 2026 में कोहली के निशाने पर कई बड़े कीर्तिमान हैं. अगर उनका बल्ला चलता है, तो यह सीजन उनके करियर का सबसे ऐतिहासिक अध्याय बन सकता है.

1. IPL में 9000 रन का ऐतिहासिक आंकड़ा

विराट कोहली पहले ही आईपीएल इतिहास के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उनके नाम 267 मैचों में 8,661 रन दर्ज हैं.

अगर वह इस सीजन में 339 रन और जोड़ लेते हैं, तो वे आईपीएल में 9,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे. इससे पहले वे 6,000, 7,000 और 8,000 रन का आंकड़ा छूने वाले भी पहले बल्लेबाज बन चुके हैं, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है.

2. एक ही टीम के लिए 10,000 टी20 रन

2008 में अंडर-19 ड्राफ्ट के जरिए RCB से जुड़े कोहली ने पूरी निष्ठा के साथ एक ही फ्रेंचाइज़ी के लिए खेलते हुए इतिहास रचा है.

उन्होंने अब तक RCB के लिए 282 टी20 मैचों में 9,085 रन बनाए हैं. अगर वह आईपीएल 2026 में 915 रन बनाने में सफल रहते हैं, तो वे टी20 क्रिकेट में किसी एक टीम के लिए 10,000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे.

यह रिकॉर्ड इतना बड़ा है कि मौजूदा समय में उनके आसपास भी कोई बल्लेबाज नहीं दिखता.

3. RCB के लिए 300 छक्कों का मुकाम

कोहली को अक्सर क्लासिक बल्लेबाज माना जाता है, लेकिन उन्होंने अपनी पावर हिटिंग से भी सभी को प्रभावित किया है.

RCB के लिए खेलते हुए वह अब तक 291 छक्के जड़ चुके हैं. यानी उन्हें 300 छक्कों का आंकड़ा छूने के लिए सिर्फ 9 और छक्कों की जरूरत है.

अगर वह यह उपलब्धि हासिल करते हैं, तो वह एक ही टीम के लिए 300 छक्के लगाने वाले चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो जाएंगे और भारतीय खिलाड़ियों में यह मुकाम हासिल करने वाले पहले बन सकते हैं.

4. एक ही देश में 10,000 टी20 रन का रिकॉर्ड

भारत की धरती पर कोहली का प्रदर्शन हमेशा शानदार रहा है. उन्होंने टीम इंडिया, दिल्ली और RCB के लिए खेलते हुए भारत में कुल 284 टी20 मैचों में 9,704 रन बनाए हैं.

इस सीजन में अगर वह 296 रन और बना लेते हैं, तो वह एक ही देश में 10,000 टी20 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन जाएंगे.

इस लिस्ट में रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं, लेकिन कोहली उनसे काफी आगे निकल चुके हैं.

5. चिन्नास्वामी में 4000 रन का रिकॉर्ड

एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को विराट कोहली का ‘होम ग्राउंड’ माना जाता है. यहां उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार है. उन्होंने इस मैदान पर 109 मैचों में 3,618 रन बनाए हैं. अगर वह इस सीजन में 382 रन और जोड़ लेते हैं, तो वे दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे जो किसी एक स्टेडियम में 4,000 टी20 रन पूरे करेंगे.

इस सीजन में RCB को अपने घरेलू मैदान पर कम से कम पांच मैच खेलने हैं, और प्लेऑफ में पहुंचने पर यह संख्या सात तक जा सकती है जो इस रिकॉर्ड के लिए पर्याप्त मौका दे सकती है.

ये भी पढ़ें- IPL: 18 सीजन, एक टीम, 267 मैच... 2008 से 2025 तक कैसा रहा विराट कोहली का आईपीएल सफर? देखें रिकॉर्ड