Rinku Singh Wedding: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी सिलसिले में रिंकू सिंह रविवार, 15 नवंबर को अपने परिवार के साथ नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिले. इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को अपनी शादी का निमंत्रण पत्र सौंपा और समारोह में शामिल होने का न्योता दिया. रिंकू और प्रिया 4 दिसंबर 2026 को शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं.
परिवार के साथ पीएम मोदी से मिले रिंकू सिंह
प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान रिंकू सिंह के साथ उनकी मां बीना देवी, भाई सोनू सिंह और बहन नेहा सिंह भी मौजूद रहे. पीएम मोदी ने इस मौके पर रिंकू की मां का हालचाल जाना और परिवार के दूसरे सदस्यों के बारे में भी बातचीत की. इस मुलाकात के बाद रिंकू की शादी में देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व की मौजूदगी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
सीएम योगी आदित्यनाथ को भी दिया शादी का न्योता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात से पहले रिंकू सिंह का परिवार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिल चुका है. परिवार ने सीएम योगी को शादी का निमंत्रण दिया था. रिंकू और प्रिया के परिवारों में इन दिनों विवाह समारोह की तैयारियां चल रही हैं. दोनों की शादी 4 दिसंबर को होनी है, जिसमें क्रिकेट और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने की उम्मीद है.
8 जून 2025 को हुई थी सगाई
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की सगाई 8 जून 2025 को लखनऊ के द सेंट्रम होटल में हुई थी. इस समारोह में क्रिकेट और राजनीति से जुड़ी कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हुई थीं. दोनों की शादी लंबे समय से चर्चा में थी, लेकिन क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रमों के चलते इसकी तारीख आगे बढ़ती रही. अब आखिरकार दोनों ने 4 दिसंबर 2026 को शादी करने का फैसला किया है.
कौन हैं प्रिया सरोज?
प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की सांसद हैं और उत्तर प्रदेश की मछलीशहर लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल कर पहली बार संसद में कदम रखा था. वहीं, रिंकू सिंह भारतीय क्रिकेट टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं और इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से खेलते हैं. क्रिकेट और राजनीति से जुड़े इस जोड़े की शादी पर अब सभी की नजरें टिकी हैं.
ये भी पढ़ें- चौथे वनडे में मिली हार का भारत ने लिया बदला, आखिरी मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर 3-1 से जीती सीरीज