सोना खरीदते समय लोग उसकी शुद्धता पर भरोसा करते हैं. हॉलमार्क देखकर उन्हें लगता है कि गहने में मिलावट नहीं है. लेकिन अब सोने की शुद्धता को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. रिपोर्ट के मुताबिक, सोने का वजन बढ़ाने के लिए उसमें रेनियम नाम के पाउडर की मिलावट की जा रही है. हैरानी की बात यह है कि कुछ मामलों में जांच करने वाली मशीनें भी इस मिलावट को पकड़ नहीं पाईं और सोने को शुद्ध बता दिया.
इस खुलासे ने उन लोगों की चिंता बढ़ा दी है, जो अपनी जमा पूंजी से सोने के गहने खरीदते हैं. बताया जा रहा है कि इस मिलावट के पीछे चीन का कनेक्शन भी सामने आया है. रेनियम एक भारी धातु है, जिसका पाउडर सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा सकता है.
क्या है चीन के रेनियम पाउडर का मामला?
सीएनबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सोने में रेनियम पाउडर मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा रहा है. इस मिलावट की खास बात यह है कि रेनियम मिला सोना शुद्धता की कुछ सामान्य जांचों में भी पास हो सकता है.
रिपोर्ट में चीन के शेन्जेन शहर के एक एजेंट से हुई बातचीत का भी जिक्र है. एजेंट ने दावा किया कि उसकी कंपनी रेनियम पाउडर तैयार करती है और भारत के कई शहरों में उसके डीलर हैं. उसने कथित तौर पर यह भी बताया कि सोने में 25 फीसदी तक रेनियम पाउडर मिलाया जा सकता है और सामान्य जांच में इसकी पहचान करना मुश्किल है.
जौहरी के साथ किया गया प्रयोग, सामने आई चौंकाने वाली बात
रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी एजेंट से संपर्क करने के बाद मुंबई के एक डीलर के जरिए रेनियम पाउडर का एक ग्राम सैंपल मंगाया गया. इसके बाद जोधपुर के एक जौहरी की मदद से इसकी जांच की गई.
प्रयोग में 7.83 ग्राम 24 कैरेट सोने में एक ग्राम रेनियम पाउडर मिलाया गया. इससे कुल वजन बढ़कर 8.83 ग्राम हो गया. जांच के दौरान इस मिश्रण को भी 24 कैरेट सोना बताया गया.
इसके बाद जौहरी ने इसमें एक दूसरी धातु मिलाकर 22 कैरेट का गहना तैयार किया. इस गहने को हॉलमार्किंग सेंटर से 22 कैरेट का प्रमाणपत्र भी मिल गया. लेकिन रिपोर्ट के अनुसार, इसमें असली सोने की मात्रा केवल 81.73 फीसदी थी. यानी इसकी शुद्धता करीब 20 कैरेट के बराबर थी.
रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस गहने को कई ज्वेलरी शोरूम और जांच केंद्रों पर परखा गया, लेकिन वहां भी मिलावट पकड़ में नहीं आई. हालांकि, यह प्रयोग एक खास सैंपल पर किया गया था. इससे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि सभी जांच केंद्र या मशीनें रेनियम की मिलावट पकड़ने में नाकाम हैं.
सोने में मिलाई जा रही हैं दूसरी भारी धातुएं भी
सोने में मिलावट के लिए सिर्फ रेनियम का ही इस्तेमाल नहीं हो रहा है. मिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इंदौर के सराफा कारोबारियों ने रूथेनियम, इरिडियम और ऑस्मियम जैसी भारी धातुओं के इस्तेमाल को लेकर चिंता जताई है.
जौहरियों का कहना है कि इन धातुओं को सोने में मिलाकर उसका वजन बढ़ाया जा सकता है. ये धातुएं सोने से ज्यादा भारी होती हैं. ऐसे में एसिड और टचस्टोन से की जाने वाली सामान्य जांच में इनकी मिलावट पकड़ना मुश्किल हो सकता है.
कारोबारियों ने 'गोल्ड पाउडर' नाम की एक सामग्री को लेकर भी चिंता जताई है. बताया जा रहा है कि यह महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के रास्ते भारतीय बाजारों तक पहुंच रही है. इसके चीन में तैयार होने की आशंका भी जताई गई है, लेकिन इसके असली स्रोत की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
हॉलमार्किंग व्यवस्था पर भी उठे सवाल
सोने में मिलावट के इस मामले ने देश में हॉलमार्किंग व्यवस्था की निगरानी पर भी सवाल खड़े किए हैं. नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक यानी कैग की ड्राफ्ट रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2024-25 में 81 फीसदी पंजीकृत जौहरियों का निरीक्षण नहीं किया गया.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) मान्यता प्राप्त जांच और हॉलमार्किंग केंद्रों की निगरानी के तय लक्ष्य को पूरा करने में 43.7 फीसदी पीछे रहा. बीआईएस ने इसके पीछे कर्मचारियों की कमी और दूर-दराज के इलाकों से सैंपल जुटाने में आने वाली दिक्कतों को वजह बताया. हालांकि, कैग ने इस सफाई को स्वीकार नहीं किया.
सोने में मिलावट का पता कैसे लगाया जा सकता है?
रिपोर्ट के अनुसार, एक्स-रे फ्लोरोसेंस विश्लेषण और इलेक्ट्रॉन माइक्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों से सोने में मौजूद दूसरी धातुओं की पहचान की जा सकती है. इनकी मदद से सोने के सैंपल में मौजूद अलग-अलग तत्वों की जांच करना संभव है.
आम ग्राहकों को सलाह दी जाती है कि वे सोने के गहने हमेशा भरोसेमंद दुकानदार से ही खरीदें. खरीदारी के समय हॉलमार्क और उसकी शुद्धता की जानकारी जरूर जांचें. इसके अलावा गहने का बिल और जीएसटी इनवॉइस भी संभालकर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर खरीदारी का प्रमाण दिया जा सके.
ये भी पढ़ें- ब्रह्मोस को टक्कर देने के लिए पाकिस्तान ने बनाई फतह-3 मिसाइल, चीन से लिया डिजाइन और तकनीक, खुली पोल!