दिल्ली के हौज खास में दर्दनाक हादसा, AC ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग, रिटायर्ड IAS अधिकारी की मौत

अचानक एयर कंडीशनर की इनडोर यूनिट में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा घर आग और धुएं की चपेट में आ गया. इस भयावह हादसे में 80 वर्षीय सेवानिवृत्त IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की जान चली गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया.

retired-ias-officer-dies-after-ac-blast-delhi-Hauz Khas fire
Image Source: Social Media

देश की राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास से एक ऐसा हादसा सामने आया है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. एक आलीशान मकान में देर रात अचानक एयर कंडीशनर की इनडोर यूनिट में जोरदार धमाका हुआ और देखते ही देखते पूरा घर आग और धुएं की चपेट में आ गया. इस भयावह हादसे में 80 वर्षीय सेवानिवृत्त IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की जान चली गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग भी दहशत में आ गए.

पुलिस और दमकल विभाग के मुताबिक, हादसा हौज खास स्थित मकान नंबर R-15 में हुआ. देर रात करीब 11:18 बजे आग लगने की सूचना कंट्रोल रूम को मिली थी. सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.

AC की इनडोर यूनिट में हुआ जोरदार धमाका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे की शुरुआत एयर कंडीशनर की इनडोर यूनिट में हुए ब्लास्ट से हुई. बताया जा रहा है कि धमाका इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया. घर के अंदर मौजूद लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और चारों तरफ धुआं फैल गया.

जिस समय हादसा हुआ, उस वक्त घर में परिवार के सदस्य और घरेलू सहायकों समेत कुल पांच लोग मौजूद थे. धमाके के बाद घर में चीख-पुकार मच गई. घर के बाकी लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन बुजुर्ग धनेंद्र कुमार धुएं और आग के बीच फंस गए.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित 

आग पर काबू पाने के बाद राहत टीम ने धनेंद्र कुमार और उनके बेटे को बाहर निकाला और तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने धनेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि उनकी मौत दम घुटने और गंभीर रूप से झुलसने की वजह से हुई. वहीं उनके बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज अस्पताल में जारी है. घटना के बाद परिवार सदमे में है और इलाके में शोक का माहौल है.

पुलिस और क्राइम टीम जांच में जुटी

हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस और क्राइम टीम ने मौके का मुआयना किया है. टीम ने घर से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं और इलेक्ट्रिकल वायरिंग व कनेक्शन की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर AC यूनिट में ब्लास्ट किस वजह से हुआ. पुलिस ने घर में मौजूद लोगों और आसपास के चश्मदीदों के बयान भी दर्ज किए हैं. शुरुआती जांच में किसी साजिश की आशंका नहीं जताई गई है और इसे एक दर्दनाक हादसा माना जा रहा है.

गर्मी के मौसम में बढ़ रहे ऐसे हादसे

विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में AC और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का अत्यधिक इस्तेमाल कई बार खतरनाक साबित हो सकता है. खराब वायरिंग, ओवरलोडिंग और समय पर सर्विसिंग न होने के कारण ऐसे हादसे होने की संभावना बढ़ जाती है.

ये भी पढ़ें: 852Cr का शॉपिंग मॉल, करोड़ों के शेयर... कितने अमीर हैं कर्नाटक की कमान संभालने जा रहे डीके शिवकुमार?