DK Shivakumar Net-Worth: कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. लंबे समय से सत्ता और संगठन के बीच मजबूत पकड़ रखने वाले डीके शिवकुमार अब राज्य के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. सिद्धारमैया ने ही अपने उत्तराधिकारी के तौर पर डीके शिवकुमार के नाम का प्रस्ताव आगे बढ़ाया है. ऐसे में अब हर तरफ इस बात की चर्चा है कि आखिर वह नेता कौन है, जिसकी पहचान सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि अरबों की संपत्ति और आलीशान जीवनशैली से भी जुड़ी हुई है.
डीके शिवकुमार कर्नाटक की राजनीति के उन चुनिंदा नेताओं में गिने जाते हैं, जिनकी राजनीतिक ताकत के साथ-साथ आर्थिक हैसियत भी हमेशा सुर्खियों में रही है. विधानसभा चुनाव 2023 के दौरान चुनाव आयोग को दिए गए हलफनामे में उन्होंने अपनी संपत्ति का जो ब्यौरा दिया था, उसने हर किसी को चौंका दिया था. आंकड़ों के मुताबिक, उनकी और उनके परिवार की कुल नेटवर्थ 1400 करोड़ रुपये से ज्यादा है.
करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं शिवकुमार
चुनावी हलफनामे के अनुसार डीके शिवकुमार और उनके परिवार की कुल संपत्ति करीब 1413 करोड़ रुपये बताई गई थी. हालांकि, इसके साथ उन पर 503 करोड़ रुपये से ज्यादा का कर्ज भी दर्ज है. बावजूद इसके, उनकी संपत्ति का दायरा इतना बड़ा है कि वह देश के सबसे अमीर राजनेताओं में शुमार किए जाते हैं.
बैंक खातों में जमा रकम की बात करें तो उनके और परिवार के विभिन्न खातों में 16 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि जमा बताई गई थी. इसके अलावा उनकी चल संपत्ति लगभग 244 करोड़ रुपये और परिवार समेत कुल 273 करोड़ रुपये बताई गई थी. वहीं अचल संपत्ति का आंकड़ा 970 करोड़ रुपये से ज्यादा था, जो परिवार सहित बढ़कर 1140 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता है.
शेयर बाजार में भी करोड़ों का निवेश
डीके शिवकुमार सिर्फ जमीन-जायदाद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्होंने शेयर बाजार में भी भारी निवेश कर रखा है. हलफनामे में दिए गए ब्योरे के मुताबिक, उन्होंने और उनकी पत्नी ने कई कंपनियों में करोड़ों रुपये लगाए हैं. यूनियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, कौस्तुभा प्रोजेक्ट्स और वीक्रॉस डेवलपर्स जैसी कंपनियों में उनका निवेश करीब 4.20 करोड़ रुपये बताया गया था.
इसके अलावा उनके पास लगभग 9 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट भी मौजूद है. यही नहीं, लग्जरी लाइफस्टाइल के शौकीन शिवकुमार के पास महंगी घड़ियों और कीमती गहनों का भी बड़ा कलेक्शन है. Rolex और Hublot जैसी ब्रांडेड घड़ियां उनके पास हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये में बताई जाती है. परिवार के पास मौजूद सोना, चांदी, डायमंड और अन्य ज्वेलरी की कुल कीमत 3.28 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई थी.
दिल्ली से बेंगलुरु तक फैली हैं संपत्तियां
अगर डीके शिवकुमार की अचल संपत्तियों पर नजर डालें, तो उनका दायरा काफी बड़ा दिखाई देता है. उनके और उनकी पत्नी के नाम पर करीब 30 करोड़ रुपये की कृषि भूमि दर्ज है. इसके अलावा दिल्ली और बेंगलुरु समेत कई शहरों में उनके नाम पर आलीशान घर और फ्लैट मौजूद हैं, जिनकी कुल कीमत 84 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई गई है.
राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा उनकी कमर्शियल प्रॉपर्टीज को लेकर होती रही है. उनके नाम पर मौजूद Global Mall की कीमत करीब 900 करोड़ रुपये बताई जाती है. इसके अलावा परिवार के नाम पर कई दुकानें और दूसरी व्यावसायिक संपत्तियां भी दर्ज हैं, जिनकी कीमत करोड़ों में है.
संगठन से सत्ता तक का सफर
डीके शिवकुमार को कांग्रेस का संकटमोचक माना जाता है. पार्टी जब-जब मुश्किल में फंसी, तब-तब उन्होंने संगठन को संभालने में अहम भूमिका निभाई. कर्नाटक कांग्रेस में उनकी पकड़ बेहद मजबूत मानी जाती है और यही वजह है कि मुख्यमंत्री पद की दौड़ में उनका नाम लंबे समय से सबसे आगे चल रहा था.
ये भी पढ़ें: एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकाला जाए... अमित शाह की सख्त चेतावनी, ममता बनर्जी पर साधा निशाना