Toxic: साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म टॉक्सिक को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है. पिछले कुछ समय से इस फिल्म का बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 के साथ बॉक्स ऑफिस टकराव चर्चा में था. दोनों फिल्मों की रिलीज 19 मार्च तय थी, लेकिन अब यह मुकाबला टल गया है.
दरअसल, ‘टॉक्सिक’ की रिलीज डेट को आगे बढ़ा दिया गया है. अब यह फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में नहीं आएगी. नई घोषणा के अनुसार, फिल्म 4 जून को रिलीज होगी. इस बदलाव के बाद 19 मार्च को ‘धुरंधर 2’ को सोलो रिलीज का फायदा मिलेगा.
सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी
4 मार्च की सुबह यश ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक पोस्ट के जरिए यह जानकारी साझा की. यह बयान फिल्म की प्रोडक्शन कंपनियों KVN और मॉन्स्टर माइंड की ओर से जारी किया गया था.
बयान में बताया गया कि ‘टॉक्सिक’ को एक ग्लोबल स्तर की फिल्म के रूप में बनाया गया है, जिसका उद्देश्य भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचना है.
क्यों टाली गई रिलीज?
मेकर्स के अनुसार, मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां खासतौर पर मिडिल ईस्ट में बढ़ता तनाव फिल्म की वैश्विक रिलीज रणनीति को प्रभावित कर सकती थीं. ऐसे में यह फैसला लिया गया कि फिल्म को बेहतर समय पर रिलीज किया जाए, ताकि यह ज्यादा व्यापक दर्शकों तक पहुंच सके.
बयान में कहा गया कि पूरी टीम 19 मार्च को फिल्म रिलीज करने के लिए उत्साहित थी, लेकिन हालात को देखते हुए रिलीज टालना जरूरी हो गया. इसे एक कठिन लेकिन सोच-समझकर लिया गया फैसला बताया गया है.
फैंस के लिए इंतजार थोड़ा और लंबा
यह खबर यश के फैंस के लिए थोड़ी निराशाजनक है, क्योंकि वे लंबे समय से इस फिल्म का इंतजार कर रहे थे. खास बात यह है कि यश करीब चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. उनकी पिछली फिल्म केजीएफ चैप्टर 2 साल 2022 में रिलीज हुई थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी.
ऐसे में ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है. हालांकि अब उन्हें थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा, लेकिन उम्मीद है कि फिल्म बड़े स्तर पर रिलीज होकर शानदार प्रदर्शन करेगी.
ये भी पढ़ें- ईरान ने सऊदी अरब में अमेरिकी दूतावास पर किया हमला, ड्रोन से CIA स्टेशन उड़ाया, कितना हुआ नुकसान?