टल गया बड़ा हादसा! मुंबई एयरपोर्ट पर रनवे से टकराया इंडिगो के विमान का पिछला हिस्सा

बैंकॉक से आ रही इंडिगो की फ्लाइट (एयरबस A321, फ्लाइट नंबर 6E 1060) लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसल गई और विमान का पिछला हिस्सा टकरा गया. इस घटना को एविएशन की भाषा में टेल स्ट्राइक कहा जाता है.

rear part of the IndiGo plane collided with the runway at Mumbai airport
Image Source: ANI

मुंबई की बारिश एक बार फिर खतरे का सबब बन गई. शनिवार तड़के जब यात्री चैन की नींद ले रहे थे, उसी वक्त शहर के व्यस्ततम एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बैंकॉक से आ रही इंडिगो की फ्लाइट (एयरबस A321, फ्लाइट नंबर 6E 1060) लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसल गई और विमान का पिछला हिस्सा टकरा गया. इस घटना को एविएशन की भाषा में टेल स्ट्राइक कहा जाता है. राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू पूरी तरह सुरक्षित हैं.

मुश्किल हालात में लैंडिंग

यह घटना सुबह 3:06 बजे रनवे 27 पर हुई. उस समय मुंबई में तेज बारिश और खराब मौसम बना हुआ था. पहली कोशिश में विमान रनवे से टकरा गया, लेकिन पायलट्स ने तुरंत स्थिति संभाली और दूसरी बार प्रयास कर सफलतापूर्वक लैंडिंग कराई. इस दौरान यात्रियों के दिलों की धड़कनें तेज जरूर हुईं, मगर गनीमत रही कि कोई भी हताहत नहीं हुआ.

DGCA ने दिए जांच के आदेश

घटना के बाद डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने मामले की औपचारिक जांच शुरू करने का ऐलान किया है. विमान को तुरंत ग्राउंड कर दिया गया है और अब इसकी तकनीकी जांच और मरम्मत के बाद ही इसे उड़ान की अनुमति मिलेगी. एक अधिकारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में खराब मौसम मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि एयरलाइन और क्रू की ओर से एयर ट्रैफिक कंट्रोल को तुरंत सूचना न देने पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

बारिश से बिगड़ा हवाई यातायात

मुंबई में लगातार हो रही तेज बारिश ने हवाई यातायात की रफ्तार भी धीमी कर दी है. बीते 24 घंटों में एयरपोर्ट पर कम से कम 14 विमानों को गो-अराउंड करना पड़ा यानी उतरने की जगह चक्कर लगाकर दोबारा लैंडिंग करनी पड़ी.

इंडिगो का बयान

इंडिगो ने घटना पर बयान जारी करते हुए कहा, “यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. विमान की जांच और जरूरी मरम्मत पूरी होने के बाद ही इसे फिर से सेवा में लाया जाएगा.”

ये भी पढ़ें: MIRV से लैस है अग्नि-5 मिसाइल, इस्लामाबाद से बीजिंग तक मचा सकती है तबाही, जानें इसकी रेंज और ताकत