जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले से रविवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई, जहां तेज धमाके ने पूरे इलाके को दहला दिया. यह विस्फोट घगवाल क्षेत्र के लोअर हरसाथ गांव में हुआ, जिसके बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई.
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, लेकिन धमाका इतना शक्तिशाली था कि कई घरों के शीशे टूट गए और आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचा.
देर रात हुआ जोरदार विस्फोट
अधिकारियों के अनुसार, यह धमाका रात करीब 2 बजे हुआ. विस्फोट घगवाल सेक्टर में स्थित गावाला तालाब के पास, अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 10 किलोमीटर दूर हुआ.
बताया जा रहा है कि यह धमाका पूर्व सरपंच जयराम शर्मा के घर के मुख्य गेट के पास हुआ, जिससे गेट और चारदीवारी का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया.
मौके पर पहुंची सुरक्षा एजेंसियां
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं. पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है.
Samba, Jammu and Kashmir: A suspected explosion occurred around 1:00 AM, with the blast reportedly heard within a radius of nearly 5 kilometers, alarming residents in surrounding areas. Initial reports indicate that window panes of several houses were shattered, and the main gate… pic.twitter.com/eI7ONZethi
— IANS (@ians_india) March 23, 2026
पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और वरिष्ठ अधिकारी खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं.
फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से जरूरी नमूने इकट्ठा किए हैं, ताकि विस्फोट के कारणों का पता लगाया जा सके.
साजिश की आशंका, स्थानीय लोगों में डर
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह कश्मीर घाटी में पहले टारगेट किलिंग जैसी घटनाएं सामने आती रही हैं, उसी तरह की गतिविधियों की आशंका अब जम्मू क्षेत्र में भी जताई जा रही है.
कई लोग इस घटना को सुनियोजित हमला मान रहे हैं, जिससे इलाके में डर और चिंता का माहौल बना हुआ है.
पीड़ित परिवार ने की जांच की मांग
पूर्व सरपंच जयराम शर्मा का कहना है कि उनके घर को निशाना बनाकर यह हमला किया गया है. उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों से मामले की गहन जांच करने और दोषियों को जल्द पकड़ने की मांग की है.
वहीं, पूर्व डीडीसी सदस्य सुरेश कुमार ने भी इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि सुरक्षा के लिहाज से यह एक बड़ा मामला है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
फिलहाल पुलिस और अन्य एजेंसियां सबूत जुटाने में लगी हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि विस्फोट किस वजह से हुआ. इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
ये भी पढ़ें- मार्च में ही बदला मौसम का मिजाज, काले बादल के साथ हो रही बारिश... 15 राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट