अब मोबाइल ही नहीं, कार और स्मार्टवॉच से भी कर पाएंगे UPI पेमेंट, RBI गवर्नर का बड़ा ऐलान

भारत के डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल 2025 में चार नए ऐप लॉन्च किए हैं. इन ऐप्स का मकसद यूजर्स के लिए UPI पेमेंट को और अधिक सहज, तेज़ और स्मार्ट बनाना है.

RBI Governor announces UPI payments via phones cars and smartwatches
Image Source: Internet

नई दिल्ली: भारत के डिजिटल पेमेंट इकोसिस्टम में एक और बड़ा कदम बढ़ाते हुए, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल 2025 में चार नए ऐप लॉन्च किए हैं. इन ऐप्स का मकसद यूजर्स के लिए UPI पेमेंट को और अधिक सहज, तेज़ और स्मार्ट बनाना है. अब सिर्फ मोबाइल ही नहीं, बल्कि आपकी कार, स्मार्ट वॉच और अन्य डिवाइसेज से भी पेमेंट संभव होगा. 

AI-बेस्ड UPI हेल्प

पहला ऐप है AI-बेस्ड UPI हेल्प, जो कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करता है. यह ऐप खासतौर पर UPI से जुड़ी समस्याओं और मैंडेट (डायरेक्ट डेबिट) मैनेजमेंट के लिए डिज़ाइन किया गया है. इस सिस्टम को RBI की टीम ने खुद बनाया है. फिलहाल यह केवल अंग्रेज़ी में उपलब्ध है, लेकिन जल्द ही हिंदी समेत अन्य भारतीय भाषाओं में भी इसे लाया जाएगा. इससे यूजर्स अपने ट्रांजैक्शन का स्टेटस चेक कर सकते हैं, शिकायत दर्ज करा सकते हैं और उसका फॉलोअप भी कर सकते हैं. यह ऐप स्टेप-बाय-स्टेप गाइड करता है, जिससे यूजर और बैंक दोनों का समय बचता है.

बिना फोन निकाले, सीधे स्मार्ट डिवाइसेज से पेमेंट

दूसरा ऐप IoT पेमेंट्स का है, जो इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) पर आधारित है. अब आपको पेट्रोल पंप पर या EV चार्जिंग स्टेशन पर पेमेंट के लिए फोन निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. आप अपनी कनेक्टेड कार, स्मार्ट वॉच, स्मार्ट ग्लासेस या स्मार्ट टीवी से सीधे पेमेंट कर सकेंगे. यह बिलकुल सहज और बिना किसी बाधा के काम करता है. भविष्य के स्मार्ट पेमेंट्स के लिए यह एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है.

इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग का संगम

तीसरा ऐप है बैंकिंग कनेक्ट, जिसे NPCI Bharat BillPay Limited (NBBL) ने विकसित किया है. इसका उद्देश्य इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग को जोड़कर यूजर्स के लिए पेमेंट प्रक्रिया को सरल बनाना है. यह RBI के ‘Payments Vision 2025’ का अहम हिस्सा है, जिसका लक्ष्य है “हर जगह, हर समय, हर किसी के लिए ई-पेमेंट्स.” इस ऐप के जरिए बैंक, पेमेंट एग्रीगेटर्स और मर्चेंट्स के बीच सेटलमेंट आसान और तेज़ हो जाएगा. यूजर्स QR कोड स्कैन करके या Pay via App की मदद से पेमेंट कर पाएंगे.

बार-बार की पेमेंट्स को बनाएं आसान और सुरक्षित

चौथा ऐप UPI रिजर्व पे है, जो खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो नियमित रूप से ऑनलाइन शॉपिंग, फूड ऑर्डर या कैब बुकिंग करते हैं. अब हर ट्रांजैक्शन के लिए बार-बार कार्ड डिटेल्स या OTP डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह फीचर सभी प्रमुख ऐप्स और प्लेटफॉर्म्स पर एक स्मूथ और सिक्योर UPI अनुभव प्रदान करता है. यूजर्स अपने क्रेडिट और ब्लॉक किए गए फंड्स को एक ही जगह देख सकते हैं, जिससे पेमेंट पर बेहतर कंट्रोल और ट्रैकिंग संभव होगी.

डिजिटल पेमेंट्स का नया युग

RBI के ये चार नए ऐप्स भारत के डिजिटल पेमेंट सिस्टम को एक नए स्तर पर ले जा रहे हैं. ये न केवल पेमेंट्स को तेज और आसान बनाएंगे, बल्कि सिक्योरिटी और यूजर एक्सपीरियंस को भी बेहतर करेंगे. आने वाले समय में, ये तकनीकें हमारे जीवन को और भी डिजिटल और स्मार्ट बनाने में मदद करेंगी.

ये भी पढ़ें: Google का तगड़ा फीचर, भूकंप आने से पहले मिलेगा अलर्ट, ये काम भी हो जाएगा आसान, जानें कैसे करता है काम