Google का तगड़ा फीचर, भूकंप आने से पहले मिलेगा अलर्ट, ये काम भी हो जाएगा आसान, जानें कैसे करता है काम

भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव में तकनीक की भूमिका दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है. गूगल ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपने एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स में Earthquake Alert System यानी भूकंप चेतावनी प्रणाली लॉन्च की है.

Google to add Share Alert feature to Android s Earthquake Alerts
Image Source: Internet

भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं से बचाव में तकनीक की भूमिका दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है. गूगल ने इस दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपने एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स में Earthquake Alert System यानी भूकंप चेतावनी प्रणाली लॉन्च की है. 2020 में शुरू हुआ यह फीचर अब तक 2,000 से अधिक भूकंपों का पता लगा चुका है और लाखों लोगों की सुरक्षा में मदद कर चुका है. अब गूगल इस सिस्टम को और भी ज्यादा उपयोगी बनाने के लिए अलर्ट शेयर करने का नया फीचर ला रहा है.

नया शेयर ऑप्शन देगा अलर्ट फैलाने की ताकत

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आने वाले समय में एंड्रॉयड के Earthquake Alert System में एक नया “शेयर अलर्ट” ऑप्शन जुड़ने वाला है. इस सुविधा के जरिए यूजर एक क्लिक में भूकंप के अलर्ट को सोशल मीडिया या किसी अन्य ऐप पर आसानी से साझा कर सकेगा. इस अलर्ट के साथ एक प्री-फिल्ड मैसेज और #AndroidEarthquakeAlerts हैशटैग भी जुड़ा होगा, जिससे जानकारी तेजी से फैल सकेगी और अधिक से अधिक लोग सावधान हो पाएंगे. इससे लोग समय रहते सुरक्षित जगह पहुंचने या बचाव के उपाय करने के लिए बेहतर तैयार हो पाएंगे.

गूगल का Earthquake Alert System कैसे करता है काम?

गूगल का यह सिस्टम आपके फोन में लगे एक्सेलेरोमीटर सेंसर का उपयोग करता है. ये सेंसर फोन को मिनी सेस्मोमीटर (भूकंप मापने वाला उपकरण) की तरह काम करने में सक्षम बनाते हैं. जब फोन भूकंप की हल्की या तेज झटके महसूस करता है, तो वह लोकेशन और वाइब्रेशन का डेटा तुरंत गूगल के सर्वर पर भेज देता है. अगर किसी इलाके से एक साथ कई फोन ऐसे सिग्नल भेजते हैं, तो गूगल सिस्टम भूकंप की पुष्टि करता है और प्रभावित क्षेत्र में मौजूद सभी एंड्रॉयड फोन पर अलर्ट नोटिफिकेशन भेज देता है.

अलर्ट के दो स्तर: सावधानी और कार्रवाई

इस सिस्टम में दो प्रकार के अलर्ट भेजे जाते हैं. जब भूकंप की तीव्रता 4.5 या उसके आसपास होती है, तो यूजर्स को “सावधानी बरतने” का अलर्ट मिलता है. लेकिन जब तीव्रता इससे ज्यादा होती है, तो यह “एक्शन लेने” वाले अलर्ट में बदल जाता है, जो यूजर को तुरंत सुरक्षित जगह पर जाने या आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के लिए प्रेरित करता है.

भूकंप अलर्ट सिस्टम ने अब तक की उपलब्धियां

गूगल के Earthquake Alert System ने 2023 में फिलीपींस में आए 6.7 तीव्रता वाले भूकंप का समय रहते पता लगाया था और लगभग 25 लाख लोगों को अलर्ट भेजकर बड़ी आपदा से बचाव में मदद की. यह तकनीक अब भारत जैसे भूकंप संभावित देशों में भी बेहद महत्वपूर्ण साबित हो रही है.

ये भी पढ़ें: अरे गजब! बैंक अकाउंट खाली होने पर भी हो जाएगी UPI पेमेंट, इस ऐप में है कमाल का फीचर