Rajya Sabha Election 2026: 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर चुनाव का ऐलान, जानें कब होगी वोटिंग

भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है.

Elections announced for 24 Rajya Sabha seats in 10 states
Image Source: ANI

Rajya Sabha Election 2026: भारत निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों की 24 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है. आयोग के मुताबिक, इन सीटों पर मतदान 18 जून 2026 को कराया जाएगा और उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना भी शुरू होगी. चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद कई राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.

चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, जिन राज्यसभा सदस्यों का कार्यकाल जून और जुलाई 2026 में समाप्त हो रहा है, उनकी सीटों पर चुनाव कराया जाएगा. इसके लिए अधिसूचना 1 जून को जारी होगी. उम्मीदवार 8 जून तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 9 जून को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी. नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 11 जून तय की गई है.

18 जून को वोटिंग और उसी दिन होगी मतगणना

आयोग के अनुसार, मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा. इसके बाद शाम 5 बजे से मतगणना शुरू कर दी जाएगी. पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून 2026 तक पूरी कर ली जाएगी.

इस बार आंध्र प्रदेश, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, मणिपुर, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम की सीटों पर चुनाव होना है. आंध्र प्रदेश, गुजरात और कर्नाटक में सबसे ज्यादा चार-चार सीटों पर मतदान कराया जाएगा.

  • आंध्र प्रदेश – 4 सीट
  • गुजरात – 4 सीट
  • कर्नाटक – 4 सीट
  • मध्य प्रदेश – 3 सीट
  • राजस्थान – 3 सीट
  • झारखंड – 2 सीट
  • मणिपुर – 1 सीट
  • मेघालय – 1 सीट
  • अरुणाचल प्रदेश – 1 सीट
  • मिजोरम – 1 सीट

कई बड़े नेताओं का कार्यकाल हो रहा समाप्त

जिन प्रमुख नेताओं का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा का नाम शामिल है. राजस्थान से राजेंद्र गहलोत, नीरज डांगी और रवनीत सिंह की सीटें भी खाली हो रही हैं.

मतदान में विशेष पेन का होगा इस्तेमाल

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदान के दौरान केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए बैंगनी रंग के विशेष स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जाएगा. किसी अन्य पेन की अनुमति नहीं होगी. निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति भी की जाएगी.

राज्यसभा में संख्या बल पर रहेगी नजर

राजनीतिक दृष्टि से इन चुनावों को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि राज्यसभा में संख्या बल कई बड़े विधेयकों और रणनीतिक फैसलों पर असर डालता है. ऐसे में आने वाले दिनों में राजनीतिक दल उम्मीदवारों के चयन और समर्थन जुटाने में पूरी ताकत लगा सकते हैं.

ये भी पढ़ें- स्वदेशी सुसाइड ड्रोन 'वायु अस्त्र-1' का सफल परीक्षण, दुश्मन के ठिकाने होंगे तबाह, जानें ताकत और खासियत