भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पूर्व विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर की नई किताब के विमोचन कार्यक्रम में शिरकत की. इस मौके पर उन्होंने भारत की मजबूत होती अर्थव्यवस्था की सराहना की और पड़ोसी देश पाकिस्तान की मौजूदा स्थिति पर तीखी प्रतिक्रिया दी.
भारत चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, जल्द बनेगा तीसरी राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत तेजी से आर्थिक तरक्की की राह पर है. उन्होंने बताया, आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है. अगर यही रफ्तार बनी रही तो 2030 तक हम तीसरे स्थान पर होंगे. उन्होंने आगे कहा कि क्रय शक्ति समता (PPP) के आधार पर भारत 2038 तक दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है.
दक्षिण एशिया में भारत सबसे स्थिर देश
सिंह ने दक्षिण एशियाई देशों की तुलना करते हुए भारत की स्थिरता को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि जब हम क्षेत्र के अन्य देशों जैसे पाकिस्तान—की हालत देखते हैं, तो भारत की मजबूती और अधिक स्पष्ट हो जाती है. भारत जितना स्थिर है, उतना स्थायित्व इस क्षेत्र के बहुत कम देशों में देखने को मिलता है.
पाकिस्तान को बताया 'जेली स्टेट'
रक्षा मंत्री ने एमजे अकबर की किताब Tinderbox: The Past and Future of Pakistan का उल्लेख करते हुए पाकिस्तान की स्थिति को ‘जेली स्टेट’ कहा. यह शब्द अकबर ने उस देश के लिए इस्तेमाल किया जो हमेशा अस्थिर रहता है, लेकिन पूरी तरह टूटता नहीं है. जेली स्टेट एक ऐसा राष्ट्र है जो विषाक्त अस्थिरता से ग्रस्त होता है, पर विदेशी समर्थन और परमाणु हथियारों के बल पर अस्तित्व में बना रहता है.
पाकिस्तान का भविष्य केवल ऊपरवाला जानता है
पाकिस्तान की मौजूदा हालत पर कटाक्ष करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान की जो स्थिति है, उसे देखकर सिर्फ यही कहा जा सकता है कि उसका भविष्य क्या होगा, ये केवल ऊपरवाला ही जानता है. मैं इसकी भविष्यवाणी नहीं करना चाहता.
यह भी पढ़ें: किस कंपनी ने बनाई, ये जानलेवा दवाई! कौन है Coldrif कफ सिरप का मालिक? ये रही इस फर्म की काली कुंडली