Rajasthan Royals New Owner: राजस्थान रॉयल्स की टीम 1.63 बिलियन अमेरिकी डॉलर की रकम में बिक गई है. यह आईपीएल के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी डील बन गई है. इस डील के बाद राजस्थान रॉयल्स आईपीएल की सबसे महंगी टीम बनने जा रही है. यह बिक्री अमेरिकी बिजनेसमैन कल सोमानी के नेतृत्व में एक संघ ने की है, जिनके पास पहले से IntraEdge, Academian, और Truyo डॉट AI जैसी कंपनियों का मालिकाना हक है. उन्हें इस डील में अमेरिकी व्यवसायी रॉब वॉल्टन का समर्थन प्राप्त है, जो प्रसिद्ध वॉलमार्ट फैमिली से आते हैं.
कहा जा रहा है कि इस सौदे के तहत राजस्थान रॉयल्स की पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी नए मालिकों ने खरीद ली है. कल सोमानी का समूह अब राजस्थान रॉयल्स का नया मालिक होगा और आईपीएल 2026 से टीम का संचालन इन्हीं के हाथों में होगा. पिछले कुछ महीनों से इस डील की चर्चा हो रही थी और अब यह पूरी तरह से फाइनल हो चुकी है. दिलचस्प बात यह है कि कल सोमानी 2021 से ही राजस्थान रॉयल्स में हिस्सेदार थे, और अब पूरी टीम का मालिकाना हक उनके पास आ जाएगा.
राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी
राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी इस साल से रियान पराग के हाथों में होगी. पिछले सीजन में टीम के कप्तान रहे संजू सैमसन अब चेन्नई सुपर किंग्स के सदस्य बन चुके हैं. इस बदलाव के साथ, टीम में और भी कुछ प्रमुख बदलाव हो चुके हैं, जिनमें प्रमुख नाम हैं सैम कर्रन और रवींद्र जडेजा. हालांकि सैम कर्रन चोट के कारण पहले ही बाहर हो चुके हैं, लेकिन रवींद्र जडेजा को संजू सैमसन के ट्रेड डील के कारण राजस्थान रॉयल्स में शामिल किया गया था.
मनोज बडाले का था सबसे बड़ा शेयर
राजस्थान रॉयल्स की डील के फाइनल होने से पहले मनोज बडाले के पास टीम की सबसे बड़ी हिस्सेदारी थी. यह एक महत्वपूर्ण पल था क्योंकि अब राजस्थान रॉयल्स के नियंत्रण में पूरी तरह से नया नेतृत्व आ चुका है. पहले इस टीम को कोलंबिया पैसिफिक कैपिटल पार्टनर्स से 1.7 बिलियन डॉलर का ऑफर मिला था, लेकिन निष्पादन संबंधी समस्याओं के कारण यह डील ठुकरा दी गई थी.
RCB की बिक्री: 2 बिलियन डॉलर की उम्मीद
इस बीच, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (RCB) की बिक्री की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं. राजस्थान रॉयल्स की बिक्री ने पूरे आईपीएल को एक नया मानक दिया है, और अब उम्मीद जताई जा रही है कि RCB की फ्रेंचाइजी की बिक्री 2 बिलियन डॉलर (करीब 15,000 करोड़ रुपये) को पार कर सकती है. यह आईपीएल के अगले बड़े कारोबार के रूप में सामने आ सकता है.
ये भी पढ़ें: IPL से पहले रिंकू सिंह को मिलेगा बड़ा तोहफा, बनेंगे रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर, जानिए कितनी मिलेगी सैलरी