Dholpur Bus Accident: राजस्थान के धौलपुर जिले में शनिवार, 4 जुलाई को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. नेशनल हाईवे-11बी पर बाड़ी सदर थाना क्षेत्र के धनौरा मोड़ के पास एक निजी बस और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई.
इस हादसे में बस में सवार 33 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 8 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी गंभीर घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद धौलपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है.
बाइक को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, निजी बस धौलपुर से बाड़ी की ओर जा रही थी. तभी अचानक बस के सामने एक बाइक आ गई. बाइक सवार को बचाने के लिए बस चालक ने तेजी से मोड़ने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान बस का संतुलन बिगड़ गया. बस अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग सीट से गिरकर घायल हो गए.
मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई. स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए बाड़ी अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों ने शुरुआती इलाज के बाद 8 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए धौलपुर रेफर कर दिया.
हाईवे पर कुछ देर रुका यातायात
हादसे के बाद नेशनल हाईवे-11बी पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया. मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो गया.
पुलिस जांच शुरू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बाइक को बचाने की कोशिश में हुआ. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- जयपुर मेट्रो का होगा विस्तार, पीएम मोदी ने ₹13 हजार करोड़ के फेज-2 प्रोजेक्ट का किया शिलान्यास