RVUNL Recruitment 2026: राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बिजली विभाग से बड़ी खुशखबरी सामने आई है. राज्य की बिजली उत्पादन और वितरण से जुड़ी कंपनियों में हजारों पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो गया है. राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (RVUNL) ने 2,005 रिक्त पदों के लिए शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती अभियान के जरिए इंजीनियरिंग, कॉमर्स और ग्रेजुएशन कर चुके अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में शामिल होने का अवसर मिलेगा. हालांकि विस्तृत विज्ञापन और आवेदन की तारीखें अभी जारी नहीं हुई हैं, लेकिन विभाग ने संकेत दिया है कि पूरी प्रक्रिया जल्द शुरू होगी.
पांच बिजली कंपनियों में मिलेगी नियुक्ति
इस भर्ती अभियान के तहत चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति राजस्थान सरकार के अधीन संचालित पांच प्रमुख बिजली कंपनियों में की जाएगी. इनमें राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (RVUNL), राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम (RVPN), जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL), अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (AVVNL) और जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JdVVNL) शामिल हैं. बिजली विभाग में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है.
किस पद पर कितनी भर्ती होगी?
जारी शॉर्ट नोटिफिकेशन के अनुसार सबसे अधिक 869 पद जूनियर इंजीनियर-I के लिए निर्धारित किए गए हैं. इनमें इलेक्ट्रिकल शाखा के 727 पद, मैकेनिकल के 110 पद और सिविल इंजीनियरिंग के 32 पद शामिल हैं.
इसके अलावा जूनियर असिस्टेंट/कमर्शियल असिस्टेंट-II के लिए 765 पदों पर भर्ती की जाएगी, जबकि जूनियर अकाउंटेंट के 371 पद भरे जाएंगे. अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए इस भर्ती में पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराए गए हैं.
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा
भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी.
जूनियर इंजीनियर पद के लिए संबंधित ट्रेड में डिप्लोमा या इंजीनियरिंग की डिग्री अनिवार्य होगी. जूनियर अकाउंटेंट पद के लिए बी.कॉम या संबंधित विषय में स्नातक की डिग्री आवश्यक है. वहीं जूनियर असिस्टेंट पद पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री होने के साथ कंप्यूटर का ज्ञान और टाइपिंग कौशल भी होना चाहिए.
चयन प्रक्रिया कैसे होगी?
उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में किया जाएगा. सबसे पहले कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा (CBT) आयोजित होगी. इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा. अंतिम चरण में मेडिकल परीक्षण के बाद योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी. जूनियर इंजीनियर पद के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा कुल 200 अंकों की होगी. परीक्षा का विस्तृत सिलेबस विभाग द्वारा आधिकारिक नोटिफिकेशन के साथ जारी किया जाएगा.
आवेदन प्रक्रिया जल्द होगी शुरू
भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से पूरी की जाएगी. उम्मीदवारों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर New Recruitment लिंक के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करना होगा. इसके बाद लॉगिन कर आवेदन फॉर्म भरना, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना, निर्धारित शुल्क जमा करना और अंत में आवेदन पत्र का प्रिंट सुरक्षित रखना होगा.
फिलहाल विभाग ने केवल शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी किया है. विस्तृत विज्ञापन, आवेदन की प्रारंभिक और अंतिम तिथि, परीक्षा कार्यक्रम तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जाएंगी. ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को नियमित रूप से विभाग की वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
ये भी पढ़ें: यूपी के युवाओं के लिए खुशखबरी, PCS 2026 भर्ती का ऐलान; जानें योग्यता और आवेदन तिथि