जम्मू-कश्मीर में में बारिश का कहर, बाढ़ में बहीं सैकड़ों गाड़ियां... चार की मौत, देखें तबाही का Video

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. राजौरी, पुंछ, अनंतनाग और उधमपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं.

Rain havoc in Jammu & Kashmir hundreds of vehicles washed away in floods video
Image Source: Social Media

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. राजौरी, पुंछ, अनंतनाग और उधमपुर समेत कई जिलों में तेज बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. सबसे ज्यादा नुकसान राजौरी और पुंछ में हुआ है, जहां कई घर, गाड़ियां और बाजार पानी में डूब गए. पुंछ में अचानक आई बाढ़ से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों के लापता होने की खबर है.

राजौरी शहर में देर रात हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई. तेज बहाव के कारण कई इलाकों में पानी भर गया. दो मकान ढह गए और बेला बस स्टैंड का निचला हिस्सा पूरी तरह पानी में डूब गया. बताया जा रहा है कि बस स्टैंड पर खड़ी कई गाड़ियां तेज बहाव में बह गईं.

सैकड़ों गाड़ियां पानी में बहीं

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बाढ़ के दौरान करीब 200 से 250 कारें पानी में बह गईं. कई गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बाढ़ का तेज बहाव और बहती हुई गाड़ियां साफ दिखाई दे रही हैं.

घरों में घुसा पानी, महिला लापता

बाढ़ का पानी कई रिहायशी इलाकों में भी पहुंच गया. घरों में रखा सामान खराब हो गया और लोगों को भारी नुकसान हुआ. स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक आई इस बाढ़ ने सब कुछ तबाह कर दिया. एक महिला के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है. कई लोगों का कहना है कि उन्होंने 1992 के बाद पहली बार इतनी भीषण बाढ़ देखी है.

पुंछ में चार लोगों की मौत

पुंछ जिले के सुरनकोट इलाके में अचानक आई बाढ़ से चार लोगों की जान चली गई. वहीं एक दर्जन से ज्यादा लोगों के लापता होने की आशंका है. राहत और बचाव दल प्रभावित इलाकों में लोगों की तलाश कर रहे हैं.

बाजार और सड़कें जलमग्न

भारी बारिश के कारण कई बाजारों और सड़कों पर पानी भर गया. दुकानों में पानी घुसने से कारोबारियों को नुकसान हुआ. लोगों को आने-जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है.

हालात पर सरकार की नजर

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है. उन्होंने बताया कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता लोगों की जान बचाना है. साथ ही प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाई जाएगी.

लोगों के लिए जारी किया गया अलर्ट

जिला प्रशासन और राहत टीमें प्रभावित इलाकों में लगातार काम कर रही हैं. लोगों से अपील की गई है कि बिना जरूरी काम के यात्रा न करें और नदियों, नालों व बाढ़ प्रभावित इलाकों से दूर रहें.

मौसम विभाग ने 19 से 23 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है. राजौरी, जम्मू, कठुआ, सांबा, डोडा, रामबन और किश्तवाड़ समेत कई जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी किया गया है. लगातार बारिश के कारण नदियों और पहाड़ी नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है.

ये भी पढ़ें- Crude Oil: अमेरिका-ईरान में फिर भड़की जंग, एक हफ्ते में 11% उछला कच्चा तेल, महंगा होगा पेट्रोल-डीजल?