अमेरिका दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी, जानिए 2 दिन की यात्रा का पूरा शेड्यूल

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक बार फिर अमेरिका की यात्रा पर हैं.

Rahul Gandhi arrives on US tour
राहुल गांधी | Photo: X

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी एक बार फिर अमेरिका की यात्रा पर हैं. इस बार वे दो दिवसीय दौरे पर 21 और 22 अप्रैल को रोड आइलैंड स्थित ब्राउन यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद करने पहुंचे हैं.

राहुल गांधी शनिवार को बोस्टन के लोगन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के सदस्यों ने उन्हें फूल भेंट कर अभिनंदन किया. खुद ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने राहुल का स्वागत करते हुए उन्हें “युवाओं, लोकतंत्र और बेहतर भविष्य की आवाज़” बताया.

"संयुक्त राज्य अमेरिका में आपका स्वागत है"

सामाजिक मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पित्रोदा ने लिखा, "संयुक्त राज्य अमेरिका में आपका स्वागत है, राहुल गांधी! आइए मिलकर सुनें, सीखें और कुछ नया रचें."

इस दौरे में राहुल गांधी न केवल ब्राउन यूनिवर्सिटी में बातचीत करेंगे, बल्कि एनआरआई समुदाय और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन खेड़ा पहले ही इस यात्रा की जानकारी साझा कर चुके थे.

राहुल गांधी की दूसरी US यात्रा

गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर 2024 में राहुल गांधी अमेरिका के तीन दिवसीय दौरे पर गए थे, जहां उन्होंने टेक्सास यूनिवर्सिटी (डलास) और जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी (वाशिंगटन, डीसी) में कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था. उस यात्रा के दौरान उन्होंने आरक्षण व्यवस्था और जातिगत जनगणना पर खुलकर अपनी राय रखी थी, जिससे देश में राजनीतिक हलचल मच गई थी.

उन्होंने खास तौर पर यह बात उठाई थी कि भारत के प्रमुख संस्थानों, कारोबार और मीडिया में ओबीसी, दलित और आदिवासी समुदायों का समुचित प्रतिनिधित्व नहीं है. उन्होंने इस सामाजिक असमानता को “कमरे में हाथी” करार देते हुए जातिगत जनगणना की ज़रूरत पर बल दिया था.

ये भी पढ़ेंः जब प्रेम ने पार कीं सरहदें! श्रीलंका का दूल्हा बना बिहार का दामाद; पूरी फिल्मी है ये लव स्टोरी