छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को चार्टर्ड प्लेन के क्रैश होने की खबर पूरी तरह से अफवाह साबित हुई है. स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार ने इस अफवाह का खंडन किया है. कुछ मीडिया संस्थानों और वेब पोर्टलों ने खबर दी थी कि जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र की पहाड़ियों में एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया है, लेकिन प्रशासन ने मौके पर जांच के बाद इसे अफवाह करार दिया. जशपुर के कलेक्टर, रोहित व्यास ने स्वयं मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की और पाया कि किसी भी तरह की दुर्घटना का कोई सबूत नहीं मिला.
स्थानीय अधिकारियों और सुरक्षा बलों की टीम ने घटना की सच्चाई जानने के लिए पूरा क्षेत्र छान मारा. कलेक्टर रोहित व्यास की अगुआई में जिला प्रशासन, पुलिस और वन विभाग की टीम ने पहाड़ी इलाके का कोना-कोना खंगाला और ड्रोन से निगरानी की. इसके बावजूद, किसी प्रकार के विमान मलबे या दुर्घटना के कोई संकेत नहीं मिले. इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने साफ किया कि यह खबर पूरी तरह से गलत है और अब तक ऐसी किसी दुर्घटना की कोई पुष्टि नहीं हुई है.
झारखंड में भी क्रैश हुई थी एयर एम्बुलेंस
इससे पहले 23 फरवरी को झारखंड के रांची के पास एक एयर एम्बुलेंस क्रैश हुआ था, जिसमें सात लोगों की जान चली गई थी. इस दुर्घटना में विमान रांची से उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. उस समय विमान में एक गंभीर रूप से बीमार मरीज, मेडिकल स्टाफ और क्रू के लोग सवार थे. सभी सात लोग मौके पर ही मौत के शिकार हो गए थे. इस घटना की भी जांच अभी जारी है.
ये भी पढ़ें: उधमपुर में भीषण सड़क दुर्घटना, खाई में बस गिरने से कई लोगों की मौत; पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान