Assam Arunachal Border Dispute: असम और अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर एक बार फिर तनाव की स्थिति बन गई है. धेमाजी जिले के मिंगमांग बदती इंटर-स्टेट बॉर्डर इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई है. आरोप है कि अरुणाचल प्रदेश की तरफ से आए कुछ अज्ञात लोगों ने असम के ग्रामीणों पर गोली चला दी. इस घटना में 8 लोग घायल हुए हैं. इनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है और सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है.
जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद
एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह मिंगमांग बस्ती के पास हुई. शुरुआती जानकारी के अनुसार, असम और अरुणाचल प्रदेश के लोगों के बीच जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था.
बताया जा रहा है कि अरुणाचल प्रदेश की ओर से असम की जमीन पर कथित अतिक्रमण को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ. देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और फायरिंग तक पहुंच गया.
अधिकारी के मुताबिक, सीमा पार से आए लोगों ने असम के ग्रामीणों को निशाना बनाकर गोलीबारी की. अचानक हुई फायरिंग के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग घायल हो गए.
8 ग्रामीण हुए घायल
फायरिंग में घायल लोगों की पहचान दुर्गेश्वर पातिर, रोहित डोले, नागराज डोले, बिगेश्वर पातिर, पामे पेगु, संजय तयुंग, उत्पल डोले और जान डोले के रूप में हुई है. सभी घायलों को इलाज के लिए पहले गोगामुख रूरल हॉस्पिटल ले जाया गया.
हालत गंभीर होने के कारण बाद में 7 घायलों को धेमाजी सिविल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी डर का माहौल है. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि विवाद आगे न बढ़े.
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने लिया संज्ञान
घटना की जानकारी मिलने के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी मामले का संज्ञान लिया. उन्होंने बताया कि दोनों राज्यों के मुख्य सचिव आपस में बातचीत कर रहे हैं. इसके अलावा दोनों राज्यों के पुलिस महानिदेशक भी स्थिति को सामान्य करने के लिए संपर्क में हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम पुलिस की टीम मौके पर पहुंच चुकी है. उन्होंने अधिकारियों को इलाके में शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की स्थिति को बिगड़ने से रोकने के निर्देश दिए हैं. सीएम ने यह भी साफ किया कि असम अपनी जमीन को लेकर किसी तरह का समझौता नहीं करेगा. उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया है कि राज्य की जमीन की सुरक्षा हर हाल में सुनिश्चित की जाए.
लंबे समय से चला आ रहा है सीमा विवाद
असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच सीमा को लेकर विवाद कोई नया नहीं है. दोनों राज्यों के बीच कई दशकों से कुछ इलाकों की सीमा को लेकर मतभेद रहे हैं. समय-समय पर सीमा से जुड़े मुद्दों को लेकर दोनों राज्यों के लोगों के बीच तनाव भी सामने आता रहा है. दोनों राज्य बातचीत और सीमा निर्धारण के जरिए इस विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं. हालांकि, सीमा से जुड़े कुछ इलाके अभी भी संवेदनशील बने हुए हैं.
मिंगमांग इलाके में हुई फायरिंग की घटना ने एक बार फिर दोनों राज्यों के बीच तनाव बढ़ा दिया है. घटना के बाद बॉर्डर इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है. अब अधिकारियों की कोशिश है कि विवाद को जल्द शांत किया जाए और इलाके में दोबारा तनाव की स्थिति न बने.
ये भी पढ़ें- ड्रोन, मिसाइल से फाइटर जेट तक... एडवांस्ड हथियारों से लैस होगी भारतीय सेना, हाइब्रिड वॉर की तैयारी तेज