Cigarette Price Increase: सिगरेट पीना सेहत के लिए नुकसानदायक माना जाता है, लेकिन इसके बावजूद बाजार में इसकी मांग बनी हुई है. अब सिगरेट पीने वालों को बड़ा झटका लग सकता है. सरकार ने 1 फरवरी 2026 से सिगरेट, बीड़ी और पान मसाला जैसे तंबाकू उत्पादों पर अतिरिक्त एक्साइज ड्यूटी लगाने का फैसला किया है. इसके बाद कई बड़े ब्रांड की सिगरेट महंगी हो सकती हैं.
बताया जा रहा है कि Gold Flake, Classic और Classic Connect जैसे ब्रांड्स की कीमतों में 19 से 41 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है. नए शिपमेंट बाजार में आने के बाद रिटेल कीमतें बढ़ने की संभावना है. कुछ दुकानदारों ने अभी से पुराने स्टॉक को ज्यादा दाम पर बेचना शुरू कर दिया है.
कितनी बढ़ सकती है कीमत?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रीमियम सेगमेंट में कीमतों में बड़ा बदलाव देखा जा रहा है. 10 पीस वाले गोल्ड फ्लेक का पैक, जो पहले 170 रुपये में मिलता था, अब 240 रुपये तक पहुंच सकता है. इसी तरह 20 पीस वाले क्लासिक पैक की कीमत 340 रुपये से बढ़कर 480 रुपये हो सकती है. गोल्ड फ्लेक सुपरस्टार वैल्यू पैक, जिसकी कीमत पहले 59 रुपये थी, वह अब 70 रुपये में मिल सकता है.
क्यों बढ़ रहे हैं दाम?
सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी की शुरुआत तब हुई जब जीएसटी में बदलाव के बाद सिगरेट जैसे ‘सिन गुड्स’ पर टैक्स 28 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया. इसके बाद एक्साइज ड्यूटी में भी बढ़ोतरी हुई, जिससे हर सिगरेट पर लगभग 2 से 11 रुपये तक का अतिरिक्त बोझ पड़ा. कुल मिलाकर पैक की कीमतों में 15 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी देखी जा रही है.
Godfrey Phillips India समेत अन्य तंबाकू कंपनियों ने भी अपने प्रोडक्ट्स के दाम बढ़ा दिए हैं.
शेयर बाजार में असर
कीमतों में बढ़ोतरी की खबर के बाद शेयर बाजार में तंबाकू कंपनियों के शेयरों में तेजी देखी गई. 18 फरवरी को ITC के शेयर लगभग 2 प्रतिशत चढ़े. वहीं गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड के शेयरों में कारोबार के दौरान 10 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई. सरकार के फैसले के बाद आने वाले समय में तंबाकू उत्पादों की कीमतें और बढ़ सकती हैं.
ये भी पढ़ें- अपनी बीवियों को पीट सकते हैं पति, इस देश की सरकार ने बनाया रूह कंपाने वाला कानून, बस रखी है एक शर्त