Alexander Stubb On Dhurandhar 2: आमतौर पर किसी राष्ट्राध्यक्ष की विदेश यात्रा के दौरान बातचीत रक्षा सहयोग, व्यापार और कूटनीतिक संबंधों के इर्द-गिर्द ही रहती है. लेकिन इस बार चर्चा का विषय कुछ अलग रहा. फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब्ब इन दिनों धुरंधर और उसके आने वाले सीक्वल को लेकर चर्चा में हैं.
भारत के आधिकारिक दौरे पर आए राष्ट्रपति स्टब ने एक बातचीत के दौरान बताया कि भारत आने से पहले उनके बेटे ने उन्हें यह फिल्म देखने की सलाह दी थी. उन्होंने बताया कि बेटे के कहने पर उन्होंने रणवीर सिंह की यह स्पाई थ्रिलर देखी और फिल्म की कहानी उन्हें काफी दिलचस्प लगी. राष्ट्रपति ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई पर आधारित फिल्म की कहानी उन्हें पसंद आई और अब वे इसके अगले भाग का इंतजार कर रहे हैं.
19 मार्च को रिलीज होगी ‘धुरंधर 2’
इस बीच फिल्म के निर्माताओं ने 7 मार्च को धुरंधर 2: बदला का दूसरा ट्रेलर भी जारी कर दिया है. ट्रेलर में रणवीर सिंह एक बार फिर ‘जसकीरत सिंह रंगी’ के किरदार में दमदार एक्शन करते नजर आ रहे हैं.
नई झलक में दिखाया गया है कि जसकीरत कराची के अंडरवर्ल्ड में अपनी पकड़ बना चुका है और ल्यारी जैसे इलाकों में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को खत्म करने की तैयारी कर रहा है. यह फिल्म 19 मार्च 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसे हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा.
कलाकारों की दमदार टीम
फिल्म में कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. अक्षय खन्ना ने ‘रहमान डकैत’ के किरदार में प्रभावशाली अभिनय किया है, जबकि संजय दत्त,अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देते हैं. पहले भाग के अंत में कहानी में बड़ा ट्विस्ट आया था, जब जसकीरत की असली पहचान सामने आई थी. अब सीक्वल की कहानी उसी मोड़ से आगे बढ़ेगी.
ओटीटी पर उपलब्ध है पहला पार्ट
जो दर्शक फिल्म का पहला भाग नहीं देख पाए हैं, वे इसे नेटफ्लिक्स पर देख सकते हैं. वहीं, फिल्म के दूसरे भाग को लेकर दर्शकों में पहले से ही काफी उत्साह देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें- Delhi: उत्तम नगर हत्याकांड में 8 आरोपी गिरफ्तार, आरोपी निजामुद्दीन के घर पर गरजा बुलडोजर