Uttam Nagar Murder: दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुए हत्याकांड मामले में पुलिस ने अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में एक नाबालिग भी शामिल है. वहीं, नगर निगम (एमसीडी) आरोपी निजामुद्दीन से जुड़ी संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई की तैयारी कर रहा है. पुलिस के अनुसार मामले की जांच अभी जारी है. यह घटना 4 मार्च को उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में सामने आई थी. बताया गया कि एक हिंदू परिवार की 11 वर्षीय बच्ची अपने घर की छत से होली खेल रही थी.
इसी दौरान उसके द्वारा फेंका गया पानी का गुब्बारा नीचे से गुजर रही मुस्लिम समुदाय की एक महिला को लग गया. परिवार का कहना है कि उन्होंने तुरंत माफी मांग ली थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते यह बहस झगड़े में बदल गई और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए.
#WATCH | Uttam Nagar murder case: Municipal Corporation of Delhi (MCD) carries out bulldozer action against the property of an accused. According to officials, action is being taken against the property linked to the accused Nizamuddin.
— ANI (@ANI) March 8, 2026
In continuation of the arrests earlier… pic.twitter.com/rPr0fU6fzH
युवक पर किया गया हमला
आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने 26 वर्षीय तरुण कुमार को घेर लिया और क्रिकेट बैट, लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल तरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
तनाव के बीच विरोध प्रदर्शन
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. पिछले दो दिनों के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों में कुछ वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं. फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस सूत्रों के अनुसार इस मामले में उमरदीन (49), जुम्मादीन (36), मुस्ताक (46), कमरुद्दीन (36), मुजफ्फर (25) और ताहिर (18) समेत कुल आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है. सभी आरोपी उत्तम नगर इलाके के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं.
पुलिस का बयान
द्वारका के डीसीपी कुशल पाल सिंह के मुताबिक बुधवार रात करीब 11:09 बजे पुलिस को पीसीआर कॉल के जरिए पड़ोसियों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी. पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि विवाद पानी का गुब्बारा लगने के बाद शुरू हुआ था.
उन्होंने बताया कि झगड़े के दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसमें कुल आठ लोग घायल हो गए. घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय तरुण कुमार की गुरुवार को मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें- विश्व हिन्दू परिषद के संगठन महामंत्री मिलिंद परांडे से डॉ. अभिषेक वर्मा की भेंट, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा